जीडीए बोर्ड मेंबर बनने के लिए निगम पार्षदों ने शुरू की कवायद, राजनीतिक आकाओं से संपर्क साधने में लगे

Update: 2024-06-01 11:22 GMT

सोनू सिंह

गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद के पार्षदों ने जीडीए बोर्ड मेंबर बनने के लिए अपनी कवायद तेज कर दी है। इसके लिए यह पार्षद अपने-अपने राजनीतिक आकाओं के यहां संपर्क साधने में लग गए हैं। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पार्षदों की इस कवायद में खासी तेजी आएगी। ऐसे में किस पार्षद की मुराद पुरी होगी और किसको निराशा हाथ लगेगी इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

गाजियाबाद नगर निगम के गठन को अब एक वर्ष से भी अधिक का समय हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने गत वर्ष हुए नगर निकाय चुनाव के दौरान ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 100 में से 66 वाडों में जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही यहां पर 15 निर्दलीय, 5 बहुजन समाज पार्टी, 3 आम आदमी पार्टी, 5 समाजवादी पार्टी, 2 कांग्रेस, 2 एआईएमआईएम और 2 एजेपी पार्षद भी विजयी हुए थे। नगर निगम कार्यकारिणी की ही तरह जीडीए बोर्ड में भी भारतीय जनता पार्टी का दबदबा कायम रहना तय है। गाजियाबाद में 12 सदस्य नगर निगम कार्यकारिणी के लिए भारतीय जनता पार्टी के 9 पार्षद चुने गए थे। वहीं कांग्रेस, सपा और एक-एक निर्दलीय पार्षद ने भी नगर निगम कार्यकारिणी में जगह बनाई थी।

जीडीए बोर्ड के लिए कुल 7 पार्षदों का चयन होना है। इनमें से चार पार्षद नगर निगम से होंगे जबकि तीन सदस्यों को शासन द्वारा जीडीए बोर्ड में मनोनीत किया जाएगा। दर्जनों पार्षदों के भाजपा का दामन थाम लेने के चलते जाडीए बोर्ड में शामिल होने के लिए पार्षदों के बीच कड़ी टक्कर भी दिखाई दे रही है। परंतु कोई भी पार्षद अपने पत्ते खोलने के लिए तैयार नहीं है। जीडीए बोर्ड मेंबर बनने में किसकी किस्मत साथ देगी यह तो समय ही बताएगा परंतु लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे पार्षदों के बीच बोर्ड सदस्य बनने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Tags:    

Similar News