जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी की आम पार्टी पॉलिटिक्स! जानें क्या है मामला

Update: 2024-07-19 10:35 GMT

सोनू सिंह

गाजियाबाद। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद केसी त्यागी गाजियाबाद में आम पार्टी देकर खासा चर्चाओं में आ गए हैं। उनकी इस आम पार्टी को गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर टिकट की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि केसी त्यागी यहां अपने बेटे अमरीश त्यागी के लिए टिकट की मांग कर सकते हैं।

पूर्व सांसद केसी त्यागी द्वारा गत मंगलवार को आयोजित आम पार्टी में गाजियाबाद की तमाम राजनीतिक हस्तियां मौजूद थी। लोहिया नगर में हुई इस पार्टी में पक्ष और विपक्ष के कद्दावर नेताओं के अलावा मीडिया से जुड़े लोग भी शामिल हुए। राजनीतिक लोगों की पार्टी हो तो फिर इसके राजनीतिक अर्थ भी निकलने तय हैं। पॉलिटिक्स के मायने भी बखूबी निकाले जाने लगे हैं और राजनीति के जानकार कह रहे हैं कि गाजियाबाद में के सी त्यागी यूं ही इतने सक्रिय नहीं हुए हैं। यह सब उनकी ओर से शहर विधानसभा सीट पर मजबूत दावेदारी का ही आगाज है। गाजियाबाद ही नहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी केसी त्यागी एक बड़ा नाम हैं।

आम पार्टी के जरिये उन्होंने एक बार फिर अपने राजनीतिक वजूद का परिचय दिया है। परंतु राजनीति के जानकार मान रहे हैं कि के सी त्यागी इस बार अपने लिए नहीं बल्कि अपने पुत्र अमरीश त्यागी के लिए ही सारी कवायद कर रहे हैं। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर वो अमरीश त्यागी के लिए टिकट की मांग कर सकते हैं। टिकट को लेकर भाजपा में भी मारामारी का आलम है। केसी त्यागी के राजनीतिक वजूद के सामने भाजपा में टिकट के कई दावेदार कहीं नहीं ठहरते। ऐसे में भाजपा की ओर से शहर सीट के टिकट के दावेदारों में बेचैनी बढ़ गई है। पूर्व सांसद केसी त्यागी के कई राजनीतिक दलों से बेहद मजबूत संबंध हैं।

Tags:    

Similar News