उपचुनाव: गाजियाबाद विधानसभा सीट को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, भाजपा ने उतारे तीन मंत्री

Update: 2024-07-08 06:42 GMT

सोनू सिंह

गाजियाबाद। गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटें हैं जहां उपचुनाव होना है। भाजपा ने शहर विधानसभा सीट पर तैयारियों से लेकर दावेदारियों का जायजा लेने के लिए अपने तीन मंत्री मैदान में उतार दिए हैं। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, प्रदेश सरकार में मंत्री कुवंर बृजेश सिंह और मंत्री कपिल देव अग्रवाल को शहर विधानसभा सीट पर लगाया गया है। माना यही जा रहा है कि भाजपा इस उपचुनाव को भी एक तरीके से अपने टीआरपी के लिटमेस टेस्ट के रूप में ले रही है। वो अपनी विनिंग सीट पर भी किसी तरीके के ओवर कांफिडेंस का शिकार नहीं है। इसकी गंभीरता यहीं से पता चल रही है कि उपचुनाव में शहर विधानसभा जैसी सीट पर उसने अपने सरकार के तीन मंत्री उतार दिए हैं। बताया जाता है कि ये मंत्री चुनावी तैयारियों से लेकर चुनावी दावेदारियों तक पूरे माहौल का मिजाज देखकर अपनी रिपोर्ट संगठन को सौंपेगें।

शहर उपचुनाव को लेकर अन्य सियासी दल भले ही इतना बल ना दिखा रहे हों लेकिन भाजपा इस सीट को लेकर रणनीति तैयार कर रही है। उसने अपने तीन मंत्री एक विधानसभा सीट पर उतारे हैं और सबसे अहम बात ये है कि यहां उसने जनप्रतिनिधि संगठन के पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता काम्बिनेशन के साथ रविवार को बैठक की है। इस बैठक में संगठन की ओर से महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। संगठन की दृष्टि से क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा को भी चुनाव में लगाया गया है और यहां पर जनप्रतिनिधि वाले कॉम्बिनेशन में लोकसभा सांसद अतुल गर्ग, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा थे तो वरिष्ठ वाले कॉलम में पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी और पूर्व मेयर अशु वर्मा भी मौजूद थे। ये तीनों ही चेहरे वरिष्ठ भाजपाई हैं और चुनावी प्रबंधन के भी दक्ष माने जाते हैं। बताया जाता है कि इस कॉम्बिनेशन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भाजपा महानगर कार्यालय पर हुई।

Tags:    

Similar News