रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस पलटी, 15 से अधिक घायल

By :  Shashank
Update: 2024-02-23 06:27 GMT

बदायूं के दातागंज से अयोध्या के लिए रवाना हुई भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शाहजहांपुर जिले के जैतीपुर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

 उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शुक्रवार सुबह सड़क हादसा हो गया। रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 15 से अधिक कार्यकर्ता घायल बताए गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के दातागंज से भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। बताया गया कि बस में 40 से अधिक लोग सवार थे। शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर के गांव मानपुर नगरीय-नवादा मोड़ के बीच चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।

घायलों को अस्पताल भिजवाया

हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। 


Tags:    

Similar News