'हनुमान' पर बरसाई गोलियां, 6 गोली लगने के बाद अस्पताल में हालत गंभीर

Update: 2024-04-29 12:37 GMT

-दोस्त की मदद करने आए युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, अस्पताल में भर्ती

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी बस डिपो के पास एक ढ़ाबे पर खाना खाने के दौरान हुए झगड़े में आरोपियों ने एक युवक को 6 गोली मार दी। इसके बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एक नामजद समेत 3 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

अमर विहार कॉलोनी में गौरव परिवार के साथ रहते हैं। गौरव की मां सुनीता ने बताया कि गौरव रात्रि जागरण में हनुमान का रोल अदा करता है। रविवार रात करीब ढ़ाई बजे गौरव जागरण से अपने घर आया था। तभी उसके फोन पर दोस्त सुमित का फोन आया। सुमित ने कहा कि लोनी बस डिपो के पास झगड़ा हुआ है, जल्द आजा। पहले तो गौरव ने जाने से मना कर दिया। बाद में गौरव अपनी मां से जल्द आने की बात कहकर अपने दोस्त को बचाने के लिए चला गया। जब गौरव लोनी बस डिपो के पास पहुंचा तो उसका दूसरा दोस्त आदित्य का झगड़ा आरोपियों के साथ हो रहा था। 3 से 4 आरोपियों आदित्य के साथ मारपीट कर रहे थे। गौरव ने दोनों को हटाने की कोशिश की लेकिन आरोपी नहीं माने।

इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान आरोपी पक्ष हथियार और चाकू लेकर आ गए। आरोपियों ने गौरव पर चाकू और गोलियां चला दी। मां सुनीता ने बताया कि आरोपियों ने 10 से अधिक गोलियां चलाई है। उसके शरीर पर 6 से अधिक निशान हैं। दो गोलियां शरीर के अंदर एक्सरे में दिखी हैं। डॉक्टर की टीम गोली निकालने में लगी हुई है। गोली लगने से घायल हुए गौरव को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Tags:    

Similar News