निजी कंपनीकर्मी का शव संदिग्ध अवस्था में घर में मिला, मारी गई थी गोली, छानबीन जारी

Update: 2024-08-03 07:54 GMT

-शव के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस भी बरामद

सोनू सिंह

गाजियाबाद। लोनी में एक व्यक्ति का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में मिला है। उसके शव पर गोली लगने का निशान था और वह जमीन पर लहुलुहान पड़ा था। परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

लोनी थाना क्षेत्र के प्रकाश विहार में 42 वर्षीय ओमवीर सिंह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था। ओमवीर सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत था। शनिवार सुबह जब परिवार के सभी सदस्य मकान के फर्स्ट फ्लोर पर थे तो उस दौरान गोली की तेज आवाज सुनकर परिवार के सभी सदस्य नीचे ग्राउंड फ्लोर पर उतर आए। परिजनों का कहना है कि ओमवीर सिंह लहूलुहान अवस्था में फर्श पर पड़े हुए थे। पास ही एक तमंचा और तीन कारतूस पड़े हुए थे। जिसकी सूचना तत्काल लोनी थाना क्षेत्र पुलिस को दी गई।

लोनी थाना क्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंची और ओमवीर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। एसीपी सूर्य बली मौर्य ने बताया कि 42 वर्षीय ओमवीर सिंह का शव उसी के घर से बरामद किया है। मौके से एक तमंचा और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Tags:    

Similar News