मिक्सर मशीन लेकर जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे, हादसे में 4 की मौत

Update: 2024-02-20 06:48 GMT

घटना उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हुई। छत की ढलाई का काम कर ट्रैक्टर सवार मजदूर मिक्सर मशीन समेत वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक से ट्रैक्टर की भिड़ंत हुई। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं मौके पर ही चार लोगों की जान चली गई।

बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के गोठाई तिलकारी गांव के पास ट्रैक्टर रहित मिक्सर मशीन और बाइक के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे।

यह है मामला

घटना सोमवार की देर रात में हुई। बाइक सवार शैलेंद्र राजभर (25) व बंटी राजभर (26) निवासी खनवर व मिक्सर मशीन सवार शिवदरस (52) निवासी गहना थाना हलधरपुर जनपद मऊ व एक अज्ञात 55 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसको उपचार कर चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी है।

थाना प्रभारी अतुल मिश्रा ने बताया कि एक ट्रैक्टर पर सवार मजदूर ढलाई मिक्सर मशीन लेकर कहीं से छत ढलाई का काम कर वापस घर लौट रहे थे। रात होने के कारण दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। इसी दौरान बाइक और ट्रैक्टर में जोरदार भिड़ंत हुई। जिसमें बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों वाहनों पर सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे के बाद सभी परिवारों में कोहराम मचा है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रोते-बिलखते परिजनों की चीख पुकार सुन पूरा परिसर गमगीन हो गया। 

Tags:    

Similar News