मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया दूसरा फरार

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-03-24 08:31 GMT

-अल्वी नगर चौराहे पर हुई मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया

गाजियाबाद। गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना क्षेत्र अल्वी नगर चौराहे पर शनिवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश का एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा। गिरफ्तार बदमाश के पैर में गोली लगी जिसको अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है।

एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम अल्वी नगर चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर ने एक बदमाश के आने की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी। तभी सामने से एक बाइक पर आ रहे 2 संदिग्धों को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर संदिग्ध बाइक वापस घूमकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। पुलिस की गोली बाइक पर बैठे एक बदमाश आरिफ सैफी निवासी ओल्ड मुस्तफाबाद दिल्ली के पैर में लगी। दूसरा बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब हुआ। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश आरिफ के कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल और एक बाइक बरामद की है। एसीपी ने बताया घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Tags:    

Similar News