युवक को पीटने के बाद मरा हुआ समझ कर दफनाया जमीन में, फिर जो हुआ जानकर हो जाएंगे हैरान

Update: 2024-08-02 09:50 GMT

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सिकंदरा के अरतौनी में दबंगों ने मामूली विवाद को लेकर एक युवक का गला घोंट दिया। आरोपियों ने उसे मरा समझ कर गड्ढे में दफना दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। आधी रात को कुत्तों ने खून सूंघते हुए गड्ढे को खोदकर उसे नोच कर खाने का प्रयास किया तो उसे होश आ गया और वो वहां से जान बचाकर भाग निकला। बताया जा रहा है कि सिकंदरा के अरतौनी में दबंगों ने मामूली विवाद में युवक को घर से बुलाया और फिर इस घटना को अंजाम दिया।

होश आने के बाद पीड़ित ने घरवालों को इसकी सूचना दी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पीड़िता की मां रामवती ने मुकदमा दर्ज कराई है। पीड़िता की मां ने बताया कि 18 जुलाई को क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसमें 24 वर्षीय बेटे रूपकिशोर ने एक युवक से गाली देने का विरोध किया था। इसी बात पर आरोपी रंजिश मान बैठे थे। उसने बताया कि 18 जुलाई की रात को ही अंकित, गौरव, करन और आकाश घर आए और बेटे को साथ ले गए। गांव के बाहर खेतों की ओर ले जाकर बुरी तरह पीटा। रस्सी गले में डालकर बेटे का गला घोंट दिया। उसे मरा हुआ समझकर जमीन में गड्ढा खोद कर गाढ़ दिया। कुत्तों ने खून सूंघ कर गड्ढा खोद दिया। वो बेहोश था, लेकिन कुत्तों ने जैसे ही उसे नोंचना शुरू किया तो उसे होश आ गया। वो वहां से भागा और आसपास के लोगों से मदद लेकर घरवालों से संपर्क किया। इसके बाद बेटे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

Tags:    

Similar News