धनतेरस पर बनेंगे एक साथ 5 योग: 10 नवंबर से होगा पांच दिनी दीपावली पर्व शुरू, जानिए क्या है खास

Update: 2023-11-08 10:15 GMT

धनतेरस पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, सोना-चांदी, पीतल, मिट्टी के दीये, झाड़ू, तांबे का दीपक खरीदना शुभ माना जाता है। इस बार धनतेरस पर्व पर स्थिर योग, आयुष्मान, प्रीति योग, इंद्र योग व शुक्र और चंद्रमा के संयोग से कलात्मक योग बन रहे हैं। जो विशेष रूप से काफी शुभ माने गए हैं।

कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 10 नवंबर को धनतेरस मनाया जाएगा। इसी दिन से पांच दिनी दीपावली पर्व शुरू हो जाएगा। 11 नवंबर को छोटी दीपावली (नरक चतुर्दशी), 12 नवंबर को श्रीमहालक्ष्मी पूजन बड़ी दीपावली, 13 नवंबर को सोमवती अमावस्या, 14 नवंबर को गोवर्धन पूजा व 15 नवंबर को यम द्वितीय, भैया दूज मनाया जाएगा।

ज्योतिष आचार्य डॉ. मंजू जोशी और ललित लोहनी ने बताया कि समुद्र मंथन से भगवान धनवंतरी कलश लेकर प्रकट हुए थे।

ऐसा माना जाता है कि धनतेरस धन, धान्य, समृद्धि के अतिरिक्त स्वास्थ्य, आरोग्यता से जुड़ा होता है। इसलिए इस दिन धन के लिए देवी लक्ष्मी और कुबेर और आरोग्य के लिए धनवंतरी की पूजा की जाती है।

दो दिन तक रहेगा धनतेरस का शुभ मुहूर्त

10 नवंबर की दोपहर 12:38 से 11 नवंबर की दोपहर 1:39 तक धनतेरस पूजा का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दिन भगवान धनवंतरी की पूजा करने से आरोग्य और दीर्घायु प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि इसी दिन यमराज की भी पूजा की जाती है। संध्या के समय घर के मुख्य दरवाजे के दोनों ओर अनाज के ढेर पर मिट्टी का दीपक रखकर पूजा का विधान है। उन्होंने बताया कि मां लक्ष्मी के छोटे-छोटे पग चिह्न को पूरे घर में स्थापित करना शुभ माना गया है।

Tags:    

Similar News