लोकसभा से पहले चंडीगढ़ मेयर चुनाव अहम क्यों, BJP के सामने AAP-कांग्रेस की चुनौती कितनी?

By :  SaumyaV
Update: 2024-01-18 06:37 GMT

चंडीगढ़ में हर साल मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होते हैं। इनका कार्यकाल एक साल का ही होता है। इस चुनाव में आप-कांग्रेस गठबंधन की पहली परीक्षा होगी। 

 चंडीगढ़ में इन दिनों शहरी निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा गर्म है। यहां गुरुवार (18 जनवरी को) नगर निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान होने थे लेकिन स्थगित हो गए हैं। इससे पहले विपक्षी गठबंधन के दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच हुए गठबंधन ने चुनाव को रोचक बना दिया है।

आइये जानते हैं कि चंडीगढ़ में शहरी निकाय के चुनाव का कार्यक्रम क्या है? यह चुनाव कैसे होगा? किस दल से कौन उम्मीदवार है? कांग्रेस-आप ने गठबंधन क्यों किया? इस चुनाव की कितनी अहमियत है?

चंडीगढ़ में शहरी निकाय के चुनाव का कार्यक्रम क्या है?

चंडीगढ़ में नगर निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए गुरुवार (18 जनवरी) को चुनाव होने थे जिसे अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है।। यहां मेयर पद, उसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर और फिर डिप्टी मेयर के लिए वोट डाले जाने हैं। मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जाएगा। इससे पहले पदों के लिए संबंधित उम्मीदवारों ने 13 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन दाखिल किया था।

गुरुवार को कई पार्षदों को एक टेक्स्ट संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह के खराब स्वास्थ्य की बात लिखी है। अनिल मसीह को पीठासीन प्राधिकारी के रूप में नामित किया गया था। इसके विरोध में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने विरोध शुरू कर दिया है। बता दें कि पिछले साल चंडीगढ़ में 17 जनवरी को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए चुनाव हुए थे।

यह चुनाव कैसे होगा?

चंडीगढ़ में हर साल मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव कराए जाते हैं। इन सभी का कार्यकाल एक साल का ही होता है। इस साल मेयर पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। मेयर पद के चुनाव में जनता वोट नहीं करती है। जनता पार्षद चुनती है जो इस चुनाव में वोट डालते हैं।

चुनाव के चेहरे कौन हैं?

चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ताधारी भाजपा की ओर से मनोज सोनकर मेयर पद के उम्मीदवार हैं। वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए कुलजीत संधू तो डिप्टी मेयर पद के लिए राजिंदर शर्मा को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

इन चुनावों से पहले विपक्षी इंडिया गठबंधन के दलों कांग्रेस और आप ने गठबंधन किया है। इस समझौते के अनुसार, मेयर की सीट के लिए आप की तरफ से कुलदीप कुमार टीटा उम्मीदवार हैं। वहीं, कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गैबी और निर्मला देवी क्रमशः वरिष्ठ डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए चुनाव मैदान में हैं।

कैसा है चंडीगढ़ नगर निगम का समीकरण?

इन चुनावों में चंडीगढ़ के सभी 35 पार्षदों के साथ चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर भी वोट डालेंगी। 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में मौजूदा समीरकरण देखें देखें तो भाजपा के पास सबसे ज्यादा 14 पार्षद के साथ एक सांसद का वोट है। चुनाव में पदेन सदस्य के तौर पर चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर का भी वोट है। आप के पास 13 पार्षदों के वोट हैं। इसके बाद कांग्रेस के सात तो अकाली दल का एक पार्षद है।

आप और कांग्रेस में गठबंधन से मेयर चुनाव के सारे समीकरण बदल गए हैं। दोनों में गठबंधन होने पर आप और कांग्रेस के 20 वोट हो जाते हैं, जबकि मेयर बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 19 का है। ऐसे में पिछले कई वर्षों से मेयर की कुर्सी पर बैठी भाजपा की बादशाहत खतरे में है।

निकाय चुनाव में दल बदल कानून न लागू होने के कारण मेयर चुनाव में पार्षदों की तरफ से क्रॉस वोटिंग का अंदेशा रहता है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में क्रॉस वोटिंग और वोट डैमेज घोषित होने से भी चुनाव नतीजे बदलते रहे हैं। डैमेज वोट की गिनती नहीं की जाती और उसे इनवैलिड (अयोग्य) करारा दे दिया जाता है। इन्हीं कारणों से जरूरी बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा कई बार चुनाव जीत चुकी है।

2022 के अंत में हुए नगर निगम चुनावों में आप ने सबसे ज्यादा 14 सीटें, भाजपा ने भी 14 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं, एक पार्षद अकाली दल का जीता था। इस चुनाव से अकाली दल और कांग्रेस अनुपस्थित रहे थे। ऐसे में आप और भाजपा दोनों के उम्मीदवारों को 14-14 पार्षदों ने वोट किया था। भाजपा सांसद किरण खेर के वोट के चलते तीनों पदों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत हुई थी। कोई भी वोट डैमेज वोट नहीं करार दिया गया था।

मई 2023 में आम आदमी पार्टी की पार्षद तरुणा मेहता ने पाला बदलकर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इसके बाद चंडीगढ़ नगर निगम में 14 पार्षद वाली भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बन गई थी। वहीं, आप के पार्षदों की संख्या घटकर 13 हो गई थी। वहीं, छह पार्षदों वाली कांग्रेस के पार्षदों की संख्या बढ़कर सात हो गई थी।

यह चुनाव क्यों अहम है?

चुनाव से पहले आप और कांग्रेस के गठबंधन ने इस लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव इंडिया समूह और भाजपा के बीच पहला चुनावी मुकाबला होगा। आप और कांग्रेस के साथ आने से इस मुकाबले को आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव 2024 लोकसभा चुनाव की नींव रखेगा।  

Tags:    

Similar News