मछली खाकर क्या दिखाना चाहते हैं तेजस्वी, भाजपा ने लगाया तुष्टीकरण का आरोप

Update: 2024-04-10 11:41 GMT

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव होने में बस कुछ ही दिन बाकी हैं। पूरे देश में इस समय राजनीतिक पारा सातवे आसमान पर पहुंच गया है। कोई भी राजनीतिक दल चुनाव जीतने के लिए किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहता है। देश में जहां एक ओर भाजपा और कांग्रेस के बीच जंग जारी है। वहीं, गौतम बुद्ध की भूमि बिहार में राजद और भाजपा आमने सामने हैं। तेजस्वी यादव इस बार भावनात्मक लहर के सहारे 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीट जीतने की जुगत में हैं। हालांकि, तेजस्वी यादव ने नवरात्र के शुरुआत में मछली-रोटी खाई। जिसके बाद भाजपा ने उन पर तुष्टीकरण का आरोप लगाया है।

तेजस्वी यादव का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वे तली हुई मछली खाते नजर आ रहे हैं। जिसके बाद चारों ओर इस बारे में बात होने लगी कि उन्होंने तुष्टीकरण के लिए मांसहारी खाना खाया। यादव ने यह क्लिप मंगलवार वाले दिन एक्स पर साझा किया था कि जिसमें उनके हाथ में मछली का टुकड़ा नजर आया था। उन्होंने कहा कि पूरे दिन हम प्रचार किए हैं, हम लोगों को अब यही 10-15 मिनट मिला है कि हम लोग लंच कर सकें। मुकेश सहनी खाना लाए हैं, मछली लाए हैं जो एक कांटे की है।

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने उन पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया कि नवरात्र के मौके पर मछली खाकर उन्होंने सनातन धर्म का अपमान किया है। एक तरफ वह मंदिर में जाते हैं तो दूसरी ओर मांसाहारी भोजन करते हैं। वहीं, इस वीडियो पर तेजस्वी यादव ने सफाई देते हुए कहा कि हमने यह वीडियो इसलिए बनाया था क्योंकि हम भाजपा पार्टी का आईक्यू टेस्ट करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि वह वीडियो एक नवरात्र शुरू होने से पहले का है।

Tags:    

Similar News