उत्तराखंड: अगर मौसम सही रहा तो आज शाम तक धाम पर फंसे 1000 लोगों को निकाल लिया जाएगा, अब तक 5000 लोगों को बचाया गया

Update: 2024-08-02 07:02 GMT

देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश और बादल फटने से केदारनाथ में विभिन्न जगहों पर यात्री फंसे हुए हैं। राहत और बचाव अभियान आज भी जारी है। अब तक 5000 लोगों को बचाया गया है और लगभग 1000 लोग धाम में अभी भी फंसे हुए है, जिन्हें आज शाम तक निकाला जा सकता है। बुधवार देर शाम को बादल फटने से केदारनाथ धाम यात्रा पैदल मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण अलग-अलग जगहों पर फंसे यात्रियों का हेलिकॉप्टर और रेस्क्यू टीमों के सहयोग से रेस्क्यू किया गया है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान पर कहा कि पूरे उत्तराखंड में राहत-बचाव अभियान जारी है, सभी विभाग अलर्ट पर हैं। मैं खुद भी लिनचोली और गुप्तकाशी गया था। अब तक 5000 लोगों को बचाया गया है, लगभग 1000 लोग धाम पर है अगर मौसम सही रहता है तो शाम तक लोगों को निकाल लिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने मदद का आश्वासन दिया है, हेलिकॉप्टर भी भेजा गया है। गृह मंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी लगातार हमारे संपर्क में हैं, केंद्र सरकार से हम संपर्क में हैं। हम हर एक श्रद्धालु की सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने यात्रियों और आम-जनमानस की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। रुद्रप्रयाग पुलिस के कंट्रोल रूम के नंबर 7579257572 और पुलिस कार्यालय में व्यवस्थित लैंडलाइन नम्बर 01364-233387 को हेल्पलाइन नंबर के तौर पर शुरू किया गया है। इन नंबरों के व्यस्त रहने पर आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Tags:    

Similar News