लोकसभा में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया दावा! कहा- रेल दुर्घटनाओं में पहले से कहीं अधिक कमी आई है

Update: 2024-08-01 10:32 GMT

नई दिल्ली। देशभर में लगातार हो रही रेल दुर्घटनाओं को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। इसपर अब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में जबाव देते हुए विपक्ष पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हम उन लोगों में से नहीं जो रील्स बनाते हैं। साथ ही ममता बनर्जी के रेल मंत्री के कार्यकाल पर सवाल उठाया है और उन्होंने दावा किया है कि रेल दुर्घटनाएं अब 0.19 से घटकर 0.03 हो गई है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए रेल मंत्री ने कहा कि जो यहां चिल्ला रहे हैं, उनसे यह पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में रहने के 68 वर्षों में भी वे ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) को क्यों नहीं ला पाए? आज वे यहां सवाल करने की हिम्मत कर रहे हैं। जब ममता बनर्जी रेल मंत्री थीं, तो वह दुर्घटनाओं की संख्या बताती थीं कि 0.24 से घटकर 0.19 हो गई, ये लोग सदन में ताली बजाते थे और आज जब यह 0.19 से घटकर 0.03 हो गई, तो वे इस तरह का आरोप लगाते हैं। क्या यह देश ऐसे ही चलेगा?

रेल मंत्री ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सोशल मीडिया पर ट्रोल सेना की मदद से झूठी बातें उठाती है। क्या वे उन 2 करोड़ लोगों के दिलों में डर भरने की कोशिश कर रहे हैं जो हर दिन रेलवे से यात्रा करते हैं? साथ ही उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि हम रील बनाने वाले लोग नहीं हैं, हम मेहनत करते हैं, न कि आप लोग जो दिखावे के लिए रील बनाते हैं।

रेल मंत्री ने कहा कि लोको पायलटों के काम करने और आराम करने का औसत समय 2005 में बनाए गए नियम के अनुसार तय होता है। 2016 में नियमों में संशोधन किया गया और लोको पायलटों को ज़्यादा सुविधाएं दी गईं। सभी रनिंग रूम - 558 को वातानुकूलित बनाया गया। लोको कैब बहुत ज़्यादा कंपन करती हैं, गर्म होती हैं और इसलिए 7,000 से ज़्यादा लोको कैब वातानुकूलित हैं। आज जो लोग रील बनाकर सहानुभूति दिखाते हैं, उनके समय में यह शून्य था।

Tags:    

Similar News