कन्नौज में किशोरी से रेप के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार नवाब सिंह यादव की पार्टी पर फंसा पेच! आखिर किस पार्टी के हैं नवाब सपा या भाजपा? सियासत तेज

Update: 2024-08-13 07:41 GMT

कन्नौज, यूपी। कन्नौज में किशोरी से रेप के प्रयास के आरोप में नवाब सिंह यादव को पुलिस ने 12 अगस्त को गिरफ्तार किया है और उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। नवाब सिंह को जेल भेजने के बाद पुलिस ने सोमवार की देर शाम उसके खिलाफ अब तक दर्ज अलग-अलग मुकदमों की सूची जारी की है जिसमें बलवा, लूट, मारपीट, धोखाधड़ी शामिल हैं। ये सभी मामले सदर और तिर्वा कोतवाली में दर्ज हैं। हालांकि नवाब सिंह यादव के समर्थकों का तर्क है यह सभी मुकदमें राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद से राजनीतिक गलियारे में बवाल मचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी नवाब सिंह को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमलावर है और समाजवादी पार्टी पर भाजपा सवाल उठा रही है। वहीं भाजपा का कहना है कि नवाब सिंह समाजवादी पार्टी का नेता है लेकिन समाजवादी पार्टी ने इससे इनकार कर दिया है। भाजपा के आरोपों के बाद समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष कलीम खान ने एक बयान जारी किया।

कलीम खान ने कहा कि नवाब सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का नेता बताया जा रहा है जो गलत है। नबाब सिंह यादव लगभग 5 साल से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। यहां तक कि वो पार्टी के प्रारंभिक या सक्रिय सदस्य भी नहीं है। इसके बावजूद उन्हें समाजवादी पार्टी का सदस्य बताकर पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अपील करते हुए कहा कि नबाब सिंह यादव पुत्र चन्दन सिंह यादव निवासी अडंगापुर थाना व जनपद कन्नौज समाजवादी पार्टी के किसी भी प्रकार के सदस्य नहीं है और न ही पार्टी के नाम से जोड़ा जाये।

यह है मामला?

नवाब सिंह यादव पर एक नाबालिग किशोरी को काम का झांसा देकर बुलाने और उसके साथ रेप के प्रयास के आरोप हैं। किशोरी किसी तरह वहां से बच निकली और पुलिस को सूचना दी। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो पीड़िता आपत्तिजनक हालत में थी। इसके बाद नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

Tags:    

Similar News