केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने भी नीट में गड़बड़ियों की बात मानी, बोले गुनहगार को छोड़ा नही जाएगा

Update: 2024-06-16 08:47 GMT

नई दिल्ली। नीट परीक्षा परिणाम में धांधली को लेकर देशभर में छात्र और अभिभावक एनटीए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी जैसे बड़े शिक्षण संस्थानों के छात्र संगठन और एवीबीपी भी छात्रों के साथ जमकर आवाज उठा रहे हैं। वही बिहार के पटना-नालंदा और गुजरात के गोधरा में नीट पेपर लीक के मामले में पकड़े गए कई आरोपियों ने एजेंसी के अधिकारियों से सांठगांठ की बात कबूल की है। अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने भी नीट में गड़बड़ियों की बात मानी है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नीट के संबंध में 2 प्रकार की अव्यवस्था का विषय सामने आया है। शुरुआती जानकारी थी कि कुछ छात्रों को कम समय मिलने के कारण उन्हें ग्रेस नंबर दिए गए। दूसरा 2 जगहों पर कुछ गड़बड़ियां सामने आई हैं। मैं छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त करता हूं कि इसे भी सरकार ने गंभीरता के साथ लिया है।

उन्होंने आगे कहा कि जानकारी हमें मिली है। हम सारे विषयों को एक निर्णायक स्थिति तक ले जाएंगे। उसमें जो भी बड़े अधिकारी होंगे उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। एनटीए में बहुत सुधार की आवश्यकता है। सरकार इस पर चिंता कर रही है, किसी गुनहगार को छोड़ा नहीं जाएगा उन्हें कठोर से कठोर दंड मिलेगा।

Tags:    

Similar News