कंचनजंगा एक्सप्रेस हादसे में बढ़ रही है मृतकों और घायलों की संख्या! मुआवजे की राशि 2 लाख से बढ़ाकर 10 लाख की

Update: 2024-06-17 09:19 GMT

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के पास कंचनजंगा एक्सप्रेस हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक नौ लोगों के मरने की पुष्टि हुई है जबकि अपुष्ट सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार 15 लोगों की मौत हुई है। वही घायलों की संख्या अब साठ बताई जा रही है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने मुआवजे की राशि बढ़ा दी है। पहले मृतकों के परिवारों को ₹200000 मुआवजा का ऐलान किया गया था, अब यह राशि 10 लाख कर दी गई है। वहीं गंभीर घायलों को ढाई लाख रुपए तक की मदद दी जाएगी। इस दुर्घटना में ट्रेन की तीन बोगी चपेट में आई है। दुर्घटना स्थल पर रेल मंत्री पहुंचने वाले हैं। इस बीच इस दुर्घटना पर सियासत भी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इस दुर्घटना का ठीकरा सत्ताधारी दल पर फोड़ा है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया कि पीड़ितों को बढ़ी हुई अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं उन्हें ₹2.5 लाख और जिन्हें मामूली चोटें आई हैं उन्हें ₹50,000 की राशि दी जाएगी।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस आज सुबह न्यू जलपाईगुड़ी के पास हादसे का शिकार हो गई। उसे एक मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भयानक था कि मालगाड़ी से टक्कर होने के बाद ट्रेनों की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। जबकि कई बोगियां हवा में लहरा गईं।

रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष और सीईओ जया वर्मा सिन्हा ने बताया कि बचाव अभियान पूरा हो गया है। ट्रेन चला रहे चालक ने सिग्नल की अनेदखी की थी। जिसकी वजह से हादसा हुआ। हादसे में उसकी भी मौत हो गई। वहीं कंचनजंगा एक्सप्रेस के गार्ड ने भी अपनी जान गंवा दी है। उन्होंने कहा कि अगरतला-सियालदह मार्ग के सभी रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं।

Tags:    

Similar News