शुभेंदु ने पलट दिया भाजपा का नारा! कहा- 'अब हम कहेंगे जो हमारा साथ, हम उनके साथ। यह सबका साथ, सबका विकास कहना बंद करो'

Update: 2024-07-17 09:25 GMT

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नेता विपक्ष और भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को बड़ा बयान दिया है। उनके इस बयान से लग रहा है कि पश्चिम बंगाल में अब भाजपा हिन्दू वोटर्स पर फोकस करेगी। दरअसल शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बीजेपी के सभी नेता कहते हैं कि 'सबका साथ, सबका विकास' लेकिन अब हम यह नहीं कहेंगे। इसके बजाय, अब हम कहेंगे 'जो हमारा साथ, हम उनके साथ'। यह सबका साथ, सबका विकास कहना बंद करो।

शुभेंदु अधिकारी ने एक कार्यक्रम में बुधवार को कहा कि हम जीतेंगे, हम हिंदुओं को बचाएंगे और संविधान को बचाएंगे। मैंने राष्ट्रवादी मुसलमानों के बारे में बात की। आप सभी ने नारा भी दिया कि सबका साथ, सबका विकास। उसके बाद शुभेंदु ने दोनों हाथ जोड़े और कहा कि अब हम ये सब नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा कि जो हमारे साथ, हम उसके साथ। सबका साथ, सबका विकास बंद करो। हमें अल्पसंख्यक मोर्चे की भी जरूरत नहीं है। अंत में उन्होंने जय श्री राम के नारे लगाए।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हमें चुनावों में वोट नहीं डालने दिया जाएगा। क्योंकि हम हिंदू हैं। जिहादी सुबह से मेरे घर के सामने बैठे रहेंगे। पुलिस दर्शक दीर्घा में चली जाएगी। हमें तुरंत जाग जाना चाहिए। मैं इस साइंस सिटी में बैठा हूं। 10 किलोमीटर दूर घटकपुर और भांगर में चार हिंदू इलाके हैं। दोनों क्षेत्रों के हिंदुओं को वोट देने की अनुमति नहीं थी। बदुरिया, हरोआ, कैनिंग वेस्ट में वे डेढ़ लाख वोटों से जीते।

शुभेंदु अधिकारी के बयान से साफ है कि बीजेपी अब बंगाल में हिंदू वोटर्स पर फोकस रखेगी. बंगाल बीजेपी का मानना है कि लोकसभा चुनाव में मुस्लिम वोटर्स ने एकजुट होकर टीएमसी को सपोर्ट किया है जबकि हिंदू वोटर्स में विभाजन देखा गया। ऐसे में अब हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण की कोशिश की जाएगी।

Tags:    

Similar News