छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के मामले में मूर्तिकार जयदीप आप्टे गिरफ्तार, आज होगी कोर्ट में पेशी

Update: 2024-09-05 06:35 GMT

सिंधुदुर्ग। महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के मामले में मूर्तिकार-ठेकेदार जयदीप आप्टे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बुधवार रात ठाणे जिले के कल्याण से मूर्तिकार-ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। वह 26 अगस्त को मूर्ति ढहने के बाद से ही फरार चल रहा था।

सिंधुदुर्ग पुलिस के मुताबिक, उसे ठाणे से सिंधुदुर्ग ले जाया गया है, जहां उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए सात टीमें बनाई थीं। मूर्ति गिरने के बाद मालवण पुलिस ने जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसलटेंट चेतन पाटिल के खिलाफ लापरवाही और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने चेतन पाटिल को पिछले सप्ताह कोल्हापुर से गिरफ्तार किया था।

बता दें कि सिंधुदुर्ग के राजकोट किले पर छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फीट की प्रतिमा भारतीय नौसेना ने स्थापित की थी। इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर 2023 को नौसेना दिवस के अवसर पर किया था। इस प्रतिमा के रखरखाव और देखरेख की जिम्मेदारी नौसेना की थी। हालांकि यह प्रतिमा 26 अगस्त 2024 को ढह गई थी। इस मूर्ति के अचानक ढह जाने के बाद विपक्ष ने कई सवाल उठाए थे।

Tags:    

Similar News