रेजिडेंट डॉक्टरों ने सीबीआई जांच की मांग की, कोलकाता पुलिस के ऊपर भरोसा नहीं! गिरिराज सिंह ने ममता से मांगा इस्तीफा

Update: 2024-08-12 17:34 GMT

कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला पोस्ट-ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के विरोध में प्रदर्शन मार्च किया। सभी रेजिडेंट डॉक्टरों ने सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोलकाता पुलिस के ऊपर भरोसा नहीं है।

NCW की पूर्व प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल को हम जो असुरक्षित राज्य कहते हैं वो इसी से पता चलता है कि अस्पताल में घुस कर पुलिस के एक वालंटियर ने रेप और मर्डर किया। सोच सकते हैं कि कितनी असुरक्षित जगह है। एक डॉक्टर अगर अपने अस्पताल में भी सुरक्षित नहीं है तो कहां पर सुरक्षित हो सकती है। मैं कई सालों से कहती आ रही हूं कि वहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस पर संज्ञान लिया है और अपनी टीम भी भेजी है। मामले में पुलिस ने बहुत देरी की है। पहले दिन ही गिरफ्तारी हो जानी चाहिए थी।

टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बहुत ही दर्दनाक घटना है। दोषियों को पकड़कर सख्त से सख्त सजा तक ले जाना है। जांच चल रही है। ममता बनर्जी ने भी कहा है कि रविवार तक मामला नहीं सुलझा तो हम हम मामले को CBI को सौंपने के लिए भी तैयार हैं।

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि कोलकाता में महिलाओं का चीर हरण होता है। पश्चिम बंगाल की सरकार कहीं से लोकतांत्रिक व्यवस्था की सरकार नहीं है। वहां पर जो महिलाओं के साथ हो रहा है वो अपने आप में एक उदाहरण है। दुर्भाग्य है कि उस राज्य की मुख्यमंत्री महिला है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जब हमारी बेटी जो एक डॉक्टर है, उसके साथ कोलकाता में बलात्कार होता है। तब राहुल गांधी चुप रहते हैं। यह सब सरकारी संरक्षण में होता है। जांच चल रही है, तो ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर ममता बनर्जी में थोड़ी भी नैतिकता है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। ये सभी घटनाएं सरकार के समर्थन से होती रहती हैं।

Tags:    

Similar News