कोलकाता डॉक्टर रेप-हत्या मामले पर राजनाथ सिंह ने अब ममता सरकार पर साधा निशाना, कहा- ईमानदारी से कोशिश नहीं कर रहे

Update: 2024-08-30 08:23 GMT

तिरुवनंतपुरम, केरल। कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की रेप और हत्या मामले को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों के प्रति सख्त रवैया अपनाया है लेकिन कई राज्य इस दिशा में ईमानदारी से प्रयास नहीं कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में एक कार्यक्रम के दौरान ये बातें कहीं है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों और अपराधों को देखते हुए, तमाम बदलावों के बावजूद ऐसा लगता है कि अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। हमारी सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों के प्रति सख्त रवैया अपनाया है लेकिन कई राज्य इस दिशा में ईमानदारी से प्रयास नहीं कर रहे हैं। कोलकाता में हाल ही में हुई दिल दहला देने वाली घटना बहुत दुखद और शर्मनाक है।

साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा है कि हमने बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिए मृत्युदंड का प्रावधान करने के लिए कानून में संशोधन किया है। इस कानून को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।

Tags:    

Similar News