राहुल और अखिलेश ने सुबह-सुबह उत्तर प्रदेश के प्रवेश द्वार गाजियाबाद पर भाजपा को चौतरफा घेरा

Update: 2024-04-17 05:40 GMT

राहुल और अखिलेश ने संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा पर साधा निशाना, कहा- भाजपा लूट और झूठ की पहचान बन गई

गाजियाबाद। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार सुबह-सुबह उत्तर प्रदेश के प्रवेश द्वार गाजियाबाद को खटखटाया। यहां दोनों नेताओ ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। दोनों नेता एक साथ मंच पर आए और भाजपा को चौतरफा घेरने की कोशिश की। 

गाजियाबाद में कांग्रेस और सपा की संयुक्त प्रेस वार्ता में बोलते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे आज मिलकर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि यूपी में लोकसभा चुनाव की शुरुआत यूपी के पश्चिम से हो रही है। इन चुनावों में गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक भाजपा का सफाया होने जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की हर बात झूठी निकली। न किसान की आय दोगुनी हुई, न युवाओं को रोजगार मिला, विकास के वादे भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड ने भाजपा की पोल खोल दी है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गई है। साथ ही लूट और झूठ की पहचान बन गई है। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए देश को रामनवमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ये चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ आरएसएस और भाजपा संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है। वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन संविधान को बचाने में लगा हुआ है। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव में 2-3 बड़े मुद्दे हैं। बेरोजगारी, महंगाई और भागीदारी लेकिन भारतीय जनता पार्टी लोगों को गुमराह करने में लगी रहती है। वह मुद्दों के बारे में बात नहीं करती है। राहुल ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का कहना है कि इलेक्टोरल बॉन्ड का सिस्टम पारदर्शिता के लिए लाया गया है।

Tags:    

Similar News