कांग्रेस और झामुमो जैसी पार्टियों ने झारखंड को हर मौके पर लूटा है, कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है - पीएम मोदी

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-05-19 07:43 GMT


जमशेदपुर। पांचवें चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के जमशेदपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नक्सलियों की भाषा बोल रहे हैं। उद्योग और निवेश की खिलाफत करने से तरक्की नहीं होती है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो वालों को विकास का क, ख, ग, घ भी नहीं मालूम है। इनका तरीका है- झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार-बार बोलो, इधर भी बोलो-उधर भी बोलो। इनके मुद्दे हैं- गरीब की संपत्ति का एक्स-रे करेंगे, उसे छीनेंगे, एससी-एसटी-ओबीसी का आरक्षण छीनेंगे, मोदी जी को रोज नई-नई गालियां देंगे। इससे आगे ये सोच ही नहीं सकते हैं। कांग्रेस और झामुमो जैसी पार्टियों ने हमारे झारखंड को हर मौके पर लूटा है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे वायनाड से भागकर चुनाव लड़ने रायबरेली गए हैं। वे सबको कहते घूम रहे हैं कि ये मेरी मम्मी की सीट है। कोई आठ साल का बच्चा स्कूल में पढ़ने जाता है, तब भी वो ये नहीं कहता है कि ये मेरे पापा का स्कूल है, भले ही उसके पापा वहां पढ़े हों। ये परिवारवादी लोग संसदीय सीटों का वसीयतनामा लिख रहे हैं। ऐसी परिवारवादी पार्टियों से झारखंड को बचाकर रखना है। 

Tags:    

Similar News