हरियाणा में जीत के बाद नायब सिंह सैनी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, बोले- हरियाणा ने कांग्रेस के झूठ को नकारा

Update: 2024-10-09 06:18 GMT

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। इसी के साथ हरियाणा में सरकार बनाने की कवायद भी तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के सवाल पर कहा कि ये संस्दीय बोर्ड तय करेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बड़ी जीत का श्रेय पीएम मोदी को जाता है जिन्होंने पिछले 10 सालों में ऐसी नीतियां और योजनाएं बनाईं, जिनसे गरीब, किसान, युवा, महिलाएं सभी को फायदा हुआ है। उनकी योजनाएं समाज के हर वर्ग के लिए हैं। यह जीत पीएम की नीतियों और पीएम मोदी के प्रति लोगों के प्यार और स्नेह का नतीजा है। मैं हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। मैं हरियाणा के पार्टी कार्यकर्ताओं का भी आभारी हूं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग ईवीएम पर सवाल उठाते हैं- मैंने चार दिन पहले कहा था कि सभी सर्वे कांग्रेस के पक्ष में थे, वे ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे कि कांग्रेस सत्ता में आ रही है। लेकिन, मैंने कहा है कि हमने इन 10 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में इतना काम किया है कि जनता हमें जिताएगी। मैंने अपना कर्तव्य निभाया है, मेरा संसदीय बोर्ड और विधायक अपना नेता चुनेंगे और संसदीय बोर्ड का आदेश सभी को मान्य होगा। पर्यवेक्षक आएंगे और देखेंगे कि क्या करना है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस का डीएनए ऐसा है कि उन्होंने कभी दलितों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने हमेशा उनका अपमान किया है। उन्होंने बीआर अंबेडकर और संविधान का भी अपमान किया। हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में उनके झूठ ने काम किया लेकिन राजस्थान, एमपी, छत्तीसगढ़ और अब हरियाणा ने उनके झूठ को नकार दिया है। अनिल विज के बयान पर अगर आलाकमान चाहेगा तो मैं मुख्यमंत्री बनूंगा" पर नायब सिंह सैनी ने कहा कि अनिल विज हमारे नेता हैं। अगर उन्होंने कुछ कहा है, तो वे हमारे नेता हैं, वे ऐसा कह सकते हैं।

बता दें कि कल यानी मंगलवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित किए गए थे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया है। उसने 90 में से 48 सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस ने 37 सीटें जीती हैं। तो वहीं आईएनएलडी को दो और निर्दलीय को तीन सीटें मिली हैं।

Tags:    

Similar News