केजरीवाल कल सीएम आवास करेंगे खाली, फिरोजशाह रोड पर होगा नया ठिकाना

Update: 2024-10-03 05:46 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास खाली कर देंगे। वह आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल के आवास पर रहेंगे। यह जानकारी आम आदमी पार्टी ने आज गुरुवार को दी है। आप ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पार्टी सांसद अशोक मित्तल को आवंटित 5, फिरोजशाह रोड स्थित बंगले में शिफ्ट होंगे।

आप सांसद अशोक मित्तल का आवास नई दिल्ली विधानसभा में है। केजरीवाल अपनी नई दिल्ली विधानसभा सीट और दिल्ली चुनाव का प्रचार भी इसी नए ठिकाने से देखेंगे। अरविंद केजरीवाल ने 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास खाली करने का एलान किया था। इसके बाद उन्हें कई नेताओं ने अपना घर देने की पेशकश की थी।

बता दें कि साल 2013 में पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वे मध्य दिल्ली के तिलक लेन स्थित घर में रहे। फरवरी 2015 के विधानसभा चुनाव में जीत और दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वे उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास में रहने चले गए, तब से वे यहीं रह रहे हैं।

Tags:    

Similar News