झारखंड ट्रेन दुर्घटना: विपक्ष ने सरकार को घेरा,ममता ने कहा- हर सप्ताह रेल हादसों की दुखद शृंखला चल रही है

Update: 2024-07-30 07:14 GMT

चक्रधरपुर, झारखंड। झारखंड के चक्रधरपुर डिवीजन में आज सुबह हावड़ा-मुंबई मेल के कई डब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में दो लोग की मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल है। इसके बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि ट्रेन हादसे अब नियमित से हो गए हैं। हर हफ्ते घटनाएं हो रही हैं। क्या यही शासन है? सुबह एक और विनाशकारी रेल दुर्घटना हुई। हावड़ा-मुंबई मेल झारखंड के चक्रधरपुर डिवीजन में पटरी से उतर गई। कई मौतें और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। यह बेहद दुखद है। हर सप्ताह रेल हादसों की दुखद शृंखला सी चल रही है। रेलवे ट्रैक पर मौत और यात्रियों के घायल होने का यह सिलसिला कब तक चलेगा? हम इसे कब तक बर्दाश्त करेंगे? क्या भारत सरकार की संवेदनहीनता का कोई अंत नहीं होगा?

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार हर क्षेत्र में रिकॉर्ड बनाना चाहती है। अभी पेपर लीक का रिकॉर्ड चल रहा था। परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे थे। उसका भी रिकॉर्ड बनने जा रहा था। इसके पीछे-पीछे रेल हादसों का रिकॉर्ड बन रहा है। सुरक्षा और संरक्षा का इतना बड़ा बजट होने के बाद भी इतने रेल हादसे क्यों हो रहे हैं? आम लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। हादसे में जिनकी मौत हुई है, उनकी सरकार मदद करे। साथ ही आगे ऐसे हादसे न हों उसके सरकार पुख्ता इंतजाम करे। वायनाड भूस्खलन को लेकर अखिलेश ने कहा कि सरकार ने COP29 और G20 में ग्लोबल वार्मिंग को लेकर बड़ी-बड़ी बातें की गईं। कुछ दिन पहले उत्तराखंड में भूस्खलन हुआ था। वहां लगातार भूस्खलन हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है, यह बताया जाए।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि ट्रेन हादसे हो जाते हैं जाने चली जाती हैं लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं की जाती है। रेलवे मंत्री अपने प्रचार में व्यस्त हैं। रेलवे का बजट मुझे लगता है कि इनके प्रचार में जाता है। कोई भी चर्चा हम जो करना चाहते हैं वे सदन में चर्चा होने नहीं देते हैं। बिहार-उत्तर प्रदेश-छत्तीसगढ़-झारखंड से जो रेल चलती है आपको उनका हाल देखना चाहिए। लोग टॉयलेट में बैठ-बैठकर जा रहे हैं। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए और रेलवे मंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए।

उधर, दक्षिण पूर्व रेलवे के ट्रेन मैनेजर मोहम्मद रेहान ने कहा कि सुबह करीब 3.39 बजे ट्रेन पटरी से उतर गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए। घटना का कारण यह है कि डाउनलाइन में एक मालगाड़ी पहले ही पटरी से उतर चुकी थी और हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। अपलाइन प्रभावित हुई है।

Tags:    

Similar News