लोकसभा चुनाव का अंतिम चरण : भाजपा के दिग्गजों ने वोट डालने के बाद किया जीत का दावा ! ... और जानें क्या कहा

Update: 2024-06-01 06:13 GMT

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी चरण में आज यानी शनिवार को 8 राज्यों और केंद्र शासित की कुल 57 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस बीच यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, जेपी नड्डा, कंगना रनौत, अनुराग ठाकुर, रविशंकर प्रसाद, रवि किशन समेत भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गजों ने वोट डाला।

वोट डालने के बाद योगी आदित्यनाथ बोले

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वोट डालने के बाद कहा कि लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान हो रहा है। पिछले 2.5 महीने से अधिक समय से देश के अंदर आम जन की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जनता जनार्दन की अपेक्षा के अनुरूप विभिन्न दलों ने जनता के सामने अपने-अपने मुद्दे रखे। अपनी सरकारों के समय के कार्य को रखें। आज 57 सीटों पर मतदान हो रहा है। मौसम की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मतदाताओं ने जो उत्साह दिखाया है। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।

जेपी नड्डा ने कहा- प्रजातंत्र को बनाएं मजबूत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज मुझे अपने पैतृक गांव विजयपुर में अपने बूथ पर आकर वोट सबसे पहला वोट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत के लिए सभी मतदाता अपने मतदान का इस्तेमाल करें। प्रजातंत्र को मजबूत बनाएं। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान करें।

कंगना रनौत ने मतदाताओं से वोट डालने की अपील की

मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने कहा कि मेरी सभी से अपील है कि लोकतंत्र के महापर्व में वे बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। मोदी जी की लहर पूरे हिमाचल प्रदेश में है। पीएम मोदी ने इस बार करीब 200 रैलियां की हैं। उनका लोहा पूरा देश और प्रदेश मानता है। मुझे अवश्य यहां से आशीर्वाद मिलेगा। 400 पार में हिमाचल की भी 4 सीटें रहेंगी।

कुछ राजनीतिक दलों ने चुनावी नतीजों से पहले ही मान ली हार : अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैंने मतदान कर दिया है। आप सभी भी जल्द से जल्द मतदान करके अपना योगदान दें। दुनिया उम्मीद भरी नजरों से भारत की तरफ देख रही है। विकसित भारत बनाना है। हम सभी को अपना योगदान करना है। जनता का पूरा आशीर्वाद मिलने वाला है। कुछ राजनीतिक दलों ने चुनावी नतीजों से पहले ही हार मान ली है।

'पटना साहिब में बहुत निर्णायक विजय होने जा रहा है': रविशंकर प्रसाद

पटना साहिब लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद ने कहा कि देश में, बिहार में और पटना साहिब में बहुत निर्णायक विजय होने जा रहा है। 4 जून को 400 पार और जनता के आशीर्वाद से पटना साहिब 4 लाख पार।

रवि किशन बोले- विकसित भारत के लिए मतदान किया

गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रवि किशन ने कहा कि मैंने विकसित भारत के लिए मतदान किया है। रामराज्य को बरकरार रखने के लिए वोट किया है। ये भारत कभी झुकेगा नहीं उसके लिए वोट किया है।

Tags:    

Similar News