छठे चरण के मतदान के बीच प्रियंका गांधी, स्वाति मालीवाल, गौतम गंभीर समेत इन दिग्गजों ने डाला वोट, जाने नेताओं ने मतदान केंद्रों पर क्या कहा

Update: 2024-05-25 06:05 GMT

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण का आज मतदान हो रहा है। इस चरण के तहत छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश की 58 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहे हैं। छठे चरण के मतदान के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, आप सांसद स्वाति मालीवाल, आप नेता सौरभ भारद्वाज, आप नेता आतिशी, पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर, भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज समेत कई नेताओं ने अपना वोट डाला।

प्रियंका गांधी का दावा इंडिया गठबंधन ही जीतेगा

मतदान करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि इंडिया गठबंधन ही जीतेगा। महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़े मुद्दे हैं। हम अपने गिले-शिकवे अलग रखकर संविधान के लिए और लोकतंत्र के लिए वोट दे रहे हैं।

'देश में महिलाओं की भागीदारी राजनीति में बहुत जरूरी है' : स्वाति मालीवाल

आप सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि आज लोकतंत्र का बहुत महत्वपूर्ण दिवस है मैं सबसे अपील करती हूं बाहर आकर अपना मतदान करें। खासकर मैं महिलाओं से अपील करती हूं कि वो अपना बहु कीमती वोट जरूर डालें। इस देश में महिलाओं की भागीदारी राजनीति में बहुत जरूरी है।

वीरेंद्र सचदेवा बोले- दिल्ली में हम सभी 7 सीटें जीत रहे है

भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी करने पर खुशी होती है। लोगों में उत्साह है। लोग प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं। दिल्ली में हम सभी 7 सीटें जीत रहे हैं।

बता दें कि छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीटें, बिहार की आठ सीटें, हरियाणा की सभी 10 सीटें, जम्मू-कश्मीर की एक सीट , झारखंड की चार सीट, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की आठ सीटें पर मतदान हो रहा है। इस चरण में कुल 889 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है।

Tags:    

Similar News