हरियाणा से दिल्ली के लिए यमुना में कम पानी छोड़े जाने से वजीराबाद बैराज का जलस्तर 6.20 फीट गिरा,पेयजल संकट बढ़ा

Update: 2024-06-18 06:41 GMT

नई दिल्ली। हरियाणा से दिल्ली के लिए यमुना में कम पानी छोड़े जाने के कारण वजीराबाद बैराज का जलस्तर 6.20 फीट गिर गया है। इससे यमुना नदी में टापू दिखाई देने लगा है। इसका असर जल शोधन संयंत्रों पर पड़ा है। इससे शोधित होने वाले पानी की मात्रा में कमी आई है और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पेयजल संकट बढ़ गया है।

जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा से अपील करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में पानी की कमी से दिल्ली के लोग बहुत परेशान हैं। इस कारण हरियाणा सरकार यमुना में पर्याप्त पानी छोड़े। हरियाणा की ओर से जब तक यमुना में पानी नहीं छोड़ा जाएगा तब तक दिल्ली में पानी की कमी लगातार बनी रहेगी और लोग परेशान होंगे।

जल मंत्री आतिशी ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज हरियाणा के अंतर्गत आता है और वहीं से यमुना में पानी छोड़ा जाता है। लेकिन वहां अभी तक फ्लो मीटर नहीं लगे हैं। इस कारण हरियाणा की ओर से दिल्ली के लिए छोड़े जाने वाले पानी की पैमाइश नहीं हो पाती। ऐसे में हरियाणा का दिल्ली को पर्याप्त मात्रा में पानी भेजने का दावा गलत है।

आप सांसद संजय सिंह ने जलसंकट के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया और आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्लीवालों को प्यासा रखने के लिए जानबूझकर जलसंकट पैदा किया है। हरियाणा सरकार ने दिल्ली के हक का पानी रोका हुआ है। दिल्ली भाजपा के नेता जल बोर्ड के ऑफिस में तोड़फोड़ कर रहे हैं। पानी की पाइप तोड़कर सप्लाई रोक रहे हैं। उपराज्यपाल भी राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। दिल्ली ने सात सांसद भाजपा को दिए। उन्हें दिल्ली के हित के लिए काम करना चाहिए।

Tags:    

Similar News