बाढ़ के कारण यूपी के 800 गांवों में घुसा पानी, बिहार में बिजली गिरने से 24 घंटे में 21 लोगों की मौत

Update: 2024-07-13 07:35 GMT

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में 23 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, यूपी में बाढ़ के कारण 800 गांवों में पानी घुस गया है। उधर, बिहार में मानसूनी बिजली गिरने से बीते 24 घंटे में 21 लोगों की जान चली गई है।

भारी बारिश और नेपाल से छोड़े गए पानी के बाद यूपी के कई शहरों में अब बाढ़ का असर विकराल रूप लेता जा रहा है। बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सीतापुर के करीब 250 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं लखीमपुर खीरी के 150, शाहजहांपुर के 30, बदायूं के 70, बरेली के 70 और पीलीभीत के करीब 222 गांव की बड़ी आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। पूर्वांचल के बलिया में भी बाढ़ की स्थिति के चलते कुछ घर बहने की खबर है। यूपी के करीब 800 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

उधर, बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान बिजली गिरने से 21 लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक 6 मौतें मधुबनी जिले में हुई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मौतों पर गहरा दुख जताया है और प्रत्येक मृतक परिजन को 4 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सिर्फ इस महीने बिजली गिरने से अब तक 70 लोगों की जान जा चुकी है।

Tags:    

Similar News