20% वोट के इर्द-गिर्द मंडरा रहा है दिल्ली का चुनाव, यही वोट परसेंटेज तय करेगा दिल्ली में फतह ! जानिए, किस-किस सीट पर किनका किससे है कैसा मुकाबला ?

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-05-24 13:43 GMT


नई दिल्ली। दिल्ली के दिल में क्या है, इसका जवाब तो रिजल्ट में ही मिलेगा लेकिन फिलहाल यह अनुमान लगाया जा सकता है कि वह 20% वोट जिसकी झोली में जाएगा जीत उसी की होगी। यह वह वोट परसेंटेज है जिससे 2019 के चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चूक गया था। 2019 के चुनाव में भाजपा को 49.08 लाख वोट यानी 56.9% मिला था। इसी चुनाव में कांग्रेस को 19.53 लाख वोट यानी 22.6% मिला था और आम आदमी पार्टी को 15.71 लाख वोट 18.2 प्रतिशत के रूप में मिला था।

अब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के परसेंटेज को मिला दें तो भी यह 40% तक भी नहीं पहुंच पा रहा है। तो जो अंतर लगभग 20% का रह गया, वह वोट जिसको फीवर करेगा वही जीतेगा। केजरीवाल के जेल जाने का मुद्दा करेगा वोट का विभाजन शराब घोटाला कांड में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेजे जाने का मुद्दा भी मतों का विभाजन करेगा।

जिस तरह से अदालत ने अरविंद केजरीवाल को जेल भेजा, इसका असर आम मतदाताओं पर भी पड़ा है। आम मतदाता यह सोचने को विवश हुए हैं कि अरविंद केजरीवाल का नाम घोटाले में क्यों आया, कहीं ना कहीं दाल में काला है। तो वहीं इस मामले को भाजपा ने खूब भुनाया। अदालत का फैसला और केजरीवाल के खिलाफ भाजपा का प्रचार इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि केजरीवाल का कहना है कि उनके जेल जाने से पार्टी को चुनाव में फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जेल जाने के पहले उन्हें यह उम्मीद थी कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को एक या दो सीट मिलेगी लेकिन अब वह दावे के साथ कह सकते हैं कि उनके जेल जाने के चलते पार्टी को सातों सीट मिलेगी।

दिल्ली की सातों सीट पर किस इलाके में क्या बड़े मुद्दे

चांदनी चौक

चांदनी चौक लोकसभा सीट से बीजेपी ने इस बार नए चेहरे प्रवीण खंडेलवाल को टिकट दिया है। बीजेपी के प्रवीण के खिलाफ विपक्षी इंडिया गठबंधन की ओर से कांग्रेस ने जयप्रकाश अग्रवाल को टिकट दिया है। चांदनी चौक में प्रचार के दौरान स्थानीय मुद्दे अधिक हावी हैं।

उत्तर पूर्वी दिल्ली

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने दो बार के सांसद मनोज तिवारी को तीसरी बार मैदान में उतारा है। इस सीट से विपक्षी गठबंधन की ओर से कांग्रेस के टिकट पर कन्हैया कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान कनेक्टिविटी और जाम की समस्या के साथ ही साफ-सफाई, पार्किंग, चिकित्सा, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और सीवर जैसे मुद्दे हैं।

पूर्वी दिल्ली

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने इस बार हर्ष मल्होत्रा को मैदान में उतारा है। बीजेपी का हर्ष का मुकाबला इंडिया ब्लॉक की ओर से आम आदमी पार्टी क उम्मीदवार कुलदीप कुमार से है। कुलदीप कोंडली से विधायक भी हैं। इस बार भी गाजीपुर लैंडफिल साइट का मुद्दा है।

नई दिल्ली

नई दिल्ली लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी और पेशे से वकील बांसुरी स्वराज बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं तो वहीं इंडिया ब्लॉक की ओर से आम आदमी पार्टी ने भी वकील सोमनाथ भारती को टिकट दिया है। पानी, सीवर और पार्किंग के मुद्दे चुनाव प्रचार के दौरान हावी नजर आए।

उत्तर पश्चिमी दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट सुरक्षित सीट है। इस सीट से बीजेपी ने योगेंद्र चंदोलिया को उम्मीदवार बनाया है। इंडिया ब्लॉक की ओर कांग्रेस के टिकट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री उदित राज चुनाव मैदान में हैं। ग्रामीण इलाकों में कनेक्टिविटी और मेट्रो के साथ ही कॉलेज की स्थापना और जमीन का सर्कल रेट भी चुनावी मुद्दे हैं।

पश्चिमी दिल्ली

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर मुकाबला आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व सांसद महाबल मिश्रा और बीजेपी उम्मीदवार कमलजीत सेहरावत के बीच है। इलाके में पानी और सीवरकनेक्टिविटी का मुद्दा है।

दक्षिणी दिल्ली

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने रामवीर सिंह बिधूड़ी को टिकट दिया है तो वहीं इंडिया ब्लॉक की ओर से आम आदमी पार्टी के सही राम पहलवान पर दांव लगाया है। पेयजल के साथ ही सीवर, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और कच्ची कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी मुद्दे हैं।

Tags:    

Similar News