कांग्रेस पार्टी आज शहरी नक्सलवाद की प्रवक्ता बन गई है: जेपी नड्डा

Update: 2024-09-26 09:29 GMT

भुवनेश्वर। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज गुरुवार को ओडिशा के भुवनेश्वर के खोरधा में भाजपा सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज शहरी नक्सलवाद की प्रवक्ता बन गई है।

जेपी नड्डा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप भाजपा के सदस्य बन रहे हैं, तो मैं कुछ बातें आपके ध्यान में लाना चाहता हूं। ताकि आपको ये महसूस हो और विश्वास हो कि आप अगर भाजपा के सदस्य बन रहे हैं, तो आप सही काम कर रहे हैं और सही जगह जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में लंबे समय से हूं। इस देश में लगभग 5 हजार छोटी-बड़ी पार्टियां हैं और लगभग 50 के आसपास सक्रिय पार्टियां हैं लेकिन भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जो राष्ट्रीय पार्टी है, लोकतांत्रिक पार्टी है, विचारधारा पर आधारित पार्टी है, कैडर आधारित पार्टी है।

उन्होंने कहा कि अभी हमारी सदस्यता चल रही है। इस सदस्यता के बाद सक्रिय सदस्य बनेंगे। फिर मंडल का चुनाव होगा, फिर जिले का चुनाव होगा, फिर राज्य का चुनाव होगा और राज्य में चुने गए लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनेंगे। ये प्रक्रिया सिर्फ भाजपा में ही होता है। इसलिए हमारे यहां किसी नेता का बेटा नेता नहीं बनता, बल्कि जमीन से आया हुआ कार्यकर्ता ही नेता बनता है।

जेपी नड्डा ने बताया कि हमारी पिछली सदस्यता 18 करोड़ रही थी। हमारे यहां हर 6 साल के बाद चाहे कोई भी हो, प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष और साधारण कार्यकर्ता तक सब की सदस्यता समाप्त हो जाती है और फिर से नया सदस्य बनना पड़ता है। इसलिए 2 सिंतबर को प्रधानमंत्री पहले सदस्य बनें, फिर मैं सदस्य बनाया, अमित शाह और रक्षा मंत्री सदस्य बनें और इस तरह आज हमारी सदस्य संख्या 6 करोड़ पार कर गई है। आजकल एक कार्यक्रम चल रहा है 'Know BJP' यानी भाजपा को जानो। लगभग 70 देशों के राजदूत भाजपा हेडक्वार्टर में आए हैं और उन्होंने भाजपा को समझने की कोशिश की है। आज दुनिया भाजपा को जानने के लिए आ रही है।

जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कौन सी ऐसी पार्टी है जो विचारधारा पर चली? हमारे वामपंथी दल के साथी कहां से चले थे और कहां पहुंच गए। किससे दोस्ती की किससे दुश्मनी की समझ ही नहीं आया। आज केरल में वे आपस में नूरा कुश्ती करते हैं और दिल्ली में दोस्ती करते हैं। पश्चिम बंगाल में लड़ते हैं और दिल्ली में साथी बनकर खड़े हो जाते हैं। कांग्रेस पार्टी आज शहरी नक्सलवाद की प्रवक्ता बन गई है। ये भाजपा है जिसने भारतीय जनसंघ के नाम पर 1952 में कहा था कि एक ही देश में 'दो निशान, दो विधान और दो प्रधान' नहीं चलेंगे। हमने एक लंबी यात्रा की। साल 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में धारा 370 को हटा दिया गया। जम्मू-कश्मीर का संविधान अलग था और भारत का संविधान अलग था। भारत के लगभग 200 कानून ऐसे थे जो जम्मू-कश्मीर की धरती पर लागू नहीं होते थे।

Tags:    

Similar News