केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने किया पलटवार! कहा- आपको भाजपा की वजह से जमानत मिली है

Update: 2024-09-21 07:54 GMT

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को हरियाणा में किसी की जरूरत नहीं है। कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाएगी। दरअसल अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि हरियाणा में जो भी सरकार बनेगी, वह आप के समर्थन के बिना नहीं बनेगी।

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने आज शनिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी को हरियाणा में किसी की जरूरत नहीं है। कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाएगी। मुझे डर है कि भाजपा ने अपनी एजेंसियों को अरविंद केजरीवाल को जमानत देने का निर्देश दिया है ताकि वह कांग्रेस के खिलाफ प्रचार कर सकें। आप (अरविंद केजरीवाल) यही कर रहे हैं। आप कह रहे हैं कि हरियाणा में आपके (आप) समर्थन के बिना कोई सरकार नहीं बन सकती। इसका मतलब है कि आप भाजपा का भी समर्थन कर सकते हैं। इससे यह संदेह मजबूत होता है कि आपको भाजपा की वजह से जमानत मिली है।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने पार्टी उम्मीदवार आदर्शपाल गुज्जर के समर्थन में शुक्रवार को हरियाणा के जगाधरी में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बीजेपी ने आपको क्या दिया? उन्होंने सिर्फ भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई दी है। इस बार पूरा हरियाणा परिवर्तन की मांग कर रहा है। हरियाणा में जो भी सरकार बनेगी, वह आप के समर्थन के बिना नहीं बनेगी। आप को इतनी सीटें मिल रही हैं कि उसके समर्थन के बिना सरकार नहीं बनेगी।

Tags:    

Similar News