फरीदाबाद में सीएम योगी बोले- देश में जितनी भी समस्याएं हैं वो सब कांग्रेस की वजह से हैं

Update: 2024-09-28 09:13 GMT

फरीदाबाद। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोरों-शोरों से चुनाव प्रचार में लगी हुई है। इसी कड़ी में आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरीदाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में जितनी भी समस्याएं हैं वो सब कांग्रेस की वजह से हैं और बीजेपी हर समस्या का समाधान है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1947 में देश की आजादी के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तत्काल होना चाहिए था। विवाद भी नहीं था। कांग्रेस की सरकार चाहती तो तत्काल निर्णय लेती। कांग्रेस ने विवाद खड़ा करके बैरियर खड़े करवाए। कांग्रेस जिस समस्या का समाधान 65 वर्षों में नहीं कर पाई। 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और 2019 में राम मंदिर विवाद सदा के लिए समाप्त हो गया। मैं इसलिए कहता हूं कि कांग्रेस 'समस्या' का नाम है। देश की जितनी भी समस्या है वो सब कांग्रेस ने दी है। देश को जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर कमजोर करने की चेष्टा हो रही है। यह सब कांग्रेस की देन है। कांग्रेस देश की समस्या का नाम है और भाजपा केवल समाधान है।

सीएम योगी ने जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार का जिक्र करते हुए कहा कि जब मैं जम्मू गया तो वहां पर बारिश हो रही थी। उन्होंने कहा कि जब वो अंदर गए तो एक शख्स ने उन्हें राम-राम कहा। क्योंकि वहां मेरा किसी से परिचय नहीं था। इसलिए मैंने वहां देखा नहीं। थोड़ी देर के बाद उसने फिर कहा योगी साहब राम-राम। जब मैंने उसे देखा तो वो एक मौलवी था। उन्होंने कहा कि मौलवी के मुंह से राम-राम सुनकर वो हैरान रह गए। साथ ही उन्होंने कहा कि ये 370 खत्म होने का प्रभाव है। जो लोग भारत को कोसते थे। भारत की संप्रभुता को चुनौती देते थे आज उनके मुंह से राम-राम निकल रहा है। उन्होंने कहा कि याद रखना एक दिन भाजपा मजबूत होगी तो ये भारत की सड़कों पर हरे रामा, हरे कृष्णा करते हुए दिखाई देंगे। इसलिए ही भारतीय जनता पार्टी आवश्यक है।

Tags:    

Similar News