सहारनपुर से बोले सीएम योगी, कहा- किसान नेता चौधरी चरण को पीएम मोदी ने दिया भारत रत्न

Update: 2024-04-12 08:43 GMT

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सहारनपुर में बड़ी संख्या मौजूद लोगों की जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे। सीएम के पहुंचने से पहले यहां पर लोगों ने उनके स्वागत का पहले से इंतजाम कर रखा था। उनके मंच पर पहुंचने के साथ ही कार्यकर्ता और समर्थकों ने योगी-योगी के नारे लगाने शुरू कर दिए। भाषण की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि किसान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न दिया। यहां के लोग सपा, बसपा और कांग्रेस की दंगा नीति का शिकार हो गए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ही वो शख्स थे, जिन्होंने आजाद भारत में किसानों को उचित सम्मान दिया और उनका आभार जताने के लिए पीएम मोदी ने उन्हें भारत रत्न दिया है। सपा, बसपा या कांग्रेस के लोग उनकी 'दंगा नीति' का शिकार हो गए। जिस सहारनपुर को शिक्षा के केंद्र के रूप में काशी के रूप में विकसित करने की इतनी क्षमता है, उसे सांप्रदायिक आंदोलन का शहर और फतवों का केंद्र बना दिया गया।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के कार्यकाल में हुए कामों की चर्चा की। कहा कि सहारनुपर विकास की धारा के साथ जुड़कर विकसित भारत के सपने को पूरा कर रहा है। दिल्ली और दूहरादूर के बीच ग्रीन एक्सप्रेसवे बन रहा है। इस विकास की गति को आगे तक जारी रखना है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर पर मां गंगा और यमुना की अपार कृपा है। यहां का किसान और हस्तशिल्प और कारीगरी दूर तक मशहूर है।

वहीं, आज पीएम नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मौजूद हैं। यहां से उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। पीएम ने सभा के दौरान कांग्रेस पर अप्रत्यक्ष रुप से परिवारवादी पार्टी होने का आरोप लगाया। कांग्रेस पार्टी राम मंदिर विरोधी है। ये पार्टियां विकास की भी विरोधी हैं और विरासत की भी विरोधी हैं। कांग्रेस कहती है कि राम मंदिर BJP के लिए चुनावी मुद्दा है।

Tags:    

Similar News