विनेश-बजरंग के कांग्रेस में शामिल होने पर बृजभूषण शरण सिंह ने कंसा तंज! कहा- पहलवानों के आंदोलन के पीछे कांग्रेस की साजिश

Update: 2024-09-07 06:00 GMT

नई दिल्ली। पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहलवानों के आंदोलन के पीछे कांग्रेस की पूरी साजिश थी।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 18 जनवरी 2023 को जब जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था, तब ही मैंने कहा था कि यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है, यह कांग्रेस का आंदोलन है। इसके पीछे कांग्रेस का हाथ है, खासकर भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, की साजिश है। वह बात आज सच साबित हो गई है। इस पूरे आंदोलन में, हमारे खिलाफ जो साजिश हुई, उसमें कांग्रेस शामिल थी और भूपेंद्र हुड्डा उसका नेतृत्व कर रहे थे। मैं हरियाणा के लोगों को बताना चाहता हूं कि भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, बजरंग या विनेश, वे लोग लड़कियों के सम्मान के लिए धरने पर नहीं बैठे थे। वह राजनीति कर रहे है। उनके कारण हरियाणा की बेटियों को शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है। इसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं, इसके लिए भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा और ये प्रदर्शनकारी जिम्मेदार हैं। वे उस दिन क्या जवाब देंगे जब यह साबित हो जाएगा कि जिस घटना के आरोप मुझ पर लगाए जा रहे हैं, उस दिन मैं दिल्ली में मौजूद नहीं था। उन्होंने राजनीति के लिए बेटियों को बदनाम कर के उनका इस्तेमाल किया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा खेल के क्षेत्र में भारत का सिरमौर है और उन्होंने कुश्ती गतिविधियों को लगभग 2.5 साल तक रोक दिया। क्या यह सच नहीं है कि बजरंग एशियाई खेलों में बिना ट्रायल के चले गए। मैं विनेश फोगट से पूछना चाहता हूं कि क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में 2 भार श्रेणियों में ट्रायल दे सकता है। क्या वजन मापने के बाद 5 घंटे के लिए ट्रायल रोके जा सकते हैं। आप कुश्ती नहीं जीते, आप धोखाधड़ी करके वहां गए थे। भगवान ने आपको उसी की सजा दी है। मैं बेटियों का अपमान करने का दोषी नहीं हूं। अगर कोई बेटियों का अपमान करने का दोषी है, तो वह बजरंग और विनेश हैं। जिसने इसकी पटकथा लिखी। एक दिन कांग्रेस को इसका पछतावा होगा। अगर भाजपा मुझसे हरियाणा चुनाव में प्रचार करने के लिए कहेंगे, तो मैं प्रचार के लिए जाने जाऊंगा। 

Tags:    

Similar News