राहुल गांधी के पीएम मोदी के डरने वाले बयान पर भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया! कहा- पीएम मोदी की बढ़ती लोकप्रियता बर्दाश्त नहीं कर पा रहे राहुल

Update: 2024-09-10 07:06 GMT

नई दिल्ली। अमेरिका के वर्जीनिया में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। भाजपा के नेता राहुल गांधी पर लगातार हमालवार हैं। बता दें राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा कि लोक सभा चुनाव के नतीजे के बाद से भारत में कोई भी भाजपा या भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं डरता।

इस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि आज अगर कहीं डर है तो वह कांग्रेस पार्टी के अंदर है। कांग्रेस में जब कोई महिला कास्टिंग काउच की बात करती है तो उसे पार्टी से निलंबित कर दिया जाता है। आज कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता डरे हुए हैं क्योंकि कांग्रेस केवल बलात्कारियों को बचा रहा है या बलात्कार के आरोपियों के साथ गठबंधन कर रहा है। मगर अब उनके झूठ का प्रचार उजागर हो गया है। लोगों ने 2014, 2019 में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा और 2024 में मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए को चुना। राहुल गांधी एक दोहरे अंकों वाली पार्टी है। जब भारत को नुकसान होता है तो उन्हें मजा आता है इसलिए राहुल गांधी चीन का पक्ष लेते हैं और भारत के बारे में झूठ बोलते हैं। आज विपक्ष रचनात्मक नहीं है, कांग्रेस अपने राजनीतिक लाभ के लिए भारत को नुकसान भी पहुंचा सकता है। ऐसे लोग विपक्ष से डरते हैं। वह सतर्क हैं कि विपक्ष देश के खिलाफ कोई भी साजिश रच सकते हैं।

वहीं भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि डरता वही है जो भ्रष्टाचार, घोटाले और देश के संसाधनों का दुरुपयोग करते हैं। मगर देश में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जो कह सके कि वह पीएम नरेंद्र मोदी से डरता है। राहुल गांधी ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि लोगों में पीएम मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है। जिसे राहुल गांधी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे है इसलिए वह डर के माहौल का नैरेटिव बना रहे हैं। एक विपक्ष के नेता को विदेशी धरती पर इस तरह के गैरजिम्मेदाराना बयान नहीं देने चाहिए।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और विपक्ष का पद एक जिम्मेदारी वाला पद होता है। मैं राहुल गांधी को याद दिलाना चाहता हूं कि जब अटल बिहारी वाजपेयी विपक्ष के नेता थे, तब उन्होंने विदेशी धरती पर कभी देश की छवि खराब करने की कोशिश नहीं की। राहुल गांधी लगातार तीसरी बार हारने के कारण उनके मन में भाजपा विरोधी, आरएसएस विरोधी और मोदी विरोधी भावनाएं घर कर गई हैं इसलिए वह लगातार देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। देश की छवि खराब करना देशद्रोह के बराबर है। वे भारत जोड़ो यात्रा पर तो निकलते हैं लेकिन वे न तो भारत से जुड़ पाते हैं और न ही भारत के लोगों से।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस जो आजादी के बाद से तुष्टीकरण की राजनीति करती रही है, सिखों का कत्लेआम करती रही है, वह आज सबक सिखाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने कहा था कि वह लिखकर देंगे कि हम 400 सीटें जीतेंगे। जो लोग 99 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाए, वे 400 सीटें जीतने की बात कर रहे हैं। हमें उन्हें जवाब देने के लिए कमर कसनी होगी। पीएम मोदी राहुल गांधी की दादी से भी ज्यादा वोट पाकर तीसरी बार सत्ता में आए हैं। 

Tags:    

Similar News