जल संकट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन

Update: 2024-06-22 06:34 GMT

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जल संकट गहराता जा रहा है। इसे लेकर राजनीति भी कम होने का नाम नहीं ले रही है। जल संकट को लेकर लगातार भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी की केजरीवाल सरकार को घेरने में लगी हुई है। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज यानी शनिवार को दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिर पर मटका लेकर केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की।

बता दें कि दिल्ली में गहराई जल संकट को लेकर दिल्ली की जल मंत्री आतिशी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गई हैं। आज उनके भूख हड़ताल का दूसरा दिन है। उनका कहना है कि वह तब तक खाना नहीं खाएगी जब तक दिल्ली के 28 लाख लोगों को हरियाणा से पानी नहीं मिल जाता है। आतिशी ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया है कि दिल्ली के हिस्से का पानी हरियाणा सरकार नहीं दे रही है। वहीं हरियाणा सरकार कह रही है कि लिमिट से 17 फीसदी ज्यादा पानी दिया जा रहा है।

Tags:    

Similar News