जल संकट को लेकर बीजेपी ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ निकाला विरोध मार्च, कहा- दिल्ली जल बोर्ड को एक सफेद हाथी बनाकर रख दिया

Update: 2024-06-19 05:44 GMT

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जल संकट गहराता जा रहा है। दिल्ली सरकार पानी की किल्लत को दूर करने के लिए टैंकर भेज रही है लेकिन इसके बावजूद भी कई इलाकों में पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है। इसे लेकर राजनीति भी खूब हो रही है। वहीं भाजपा और कांग्रेस लगातार केजरीवाल सरकार को घेरने में लगी है। वहीं आज यानी बुधवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि लोग कह रहे हैं कि हम रोजी रोटी कमाएं या पानी के लिए रात भर जागें। लोगों के पास खाना बनाने तक के लिए पानी नहीं है लेकिन दिल्ली की सरकार ने भ्रष्ट प्रशासन के कारण दिल्ली जल बोर्ड को एक सफेद हाथी बनाकर रख दिया है।

तो वहीं भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि हम लोग आज इंदिरा कैम्प में आए हैं। यहां पर माताओं और बहनों को कई बार टॉयलेट के गंदे पानी से काम चलाना पड़ रहा है। यहां पर पानी की पाइपलाइन की दिक्कत है। आप के विधायक ने कई बड़े वादे किए थे जो झूठे थे। मैं आम आदमी पार्टी की सरकार से निवेदन करना चाहूंगी कि प्रेस वार्ता छोड़िए। जरा देखिए आपने लोगों को किस स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है।

Tags:    

Similar News