भाजपा ने आप सरकार पर साधा निशाना, कहा- दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की सफाई के लिए आए सारे पैसे विज्ञापनों पर खर्च कर दिए‌

Update: 2024-10-19 06:24 GMT

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बिगड़ता जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में आज शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 266 दर्ज किया गया है, जो कि खराब श्रेणी में आता है। वहीं बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों को जहरीली हवा में सांस लेना पड़ रहा है। तो वहीं दूसरी ओर यमुना नदी की सतह पर जहरीली झाग की परत देखी गई। दिल्ली में प्रदूषण और यमुना में जहरीले झाग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि यमुना नदी का पानी जहरीला हो गया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वे 2025 तक यमुना नदी को साफ कर देंगे। जब लोग यमुना नदी में छठ पूजा का त्योहार मनाएंगे, तो आप कल्पना कर सकते हैं कि वे किन बीमारियों से पीड़ित होंगे? आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की सफाई के लिए आए सारे पैसे विज्ञापनों पर खर्च कर दिए‌। वे इस स्थिति के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा को दोषी ठहराएंगे। जहरीली राजनीति दिल्ली में जहरीली हवा और पानी का कारण है।

आज दिल्ली के ITO क्षेत्र के इलाकों में AQI गिरकर 'खराब' श्रेणी में 226 पर पहुंच गया है। पूरे इलाके में स्मॉग की परत देखी गई। अक्षरधाम में AQI 334 दर्ज किया गया है जो कि 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। तो वहीं भिकाजी कामा प्लेस के इलाके में AQI गिरकर 'खराब' श्रेणी में 273 पर पहुंच गया है। बता दें कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।

Tags:    

Similar News