मुरादाबाद से भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह का निधन, जाने चुनाव प्रक्रिया पर क्या असर पड़ेगा

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-04-20 18:05 GMT


मुरादाबाद। पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह का दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनकी उम्र 72 साल थी। उनके निधन की जानकारी मिलने पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर फैल गई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने सर्वेश सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

उधर, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह का कहना है कि भाजपा प्रत्याशी कुमार सर्वेश सिंह के निधन की जानकारी मिली है। मतगणना निर्धारित तिथि पर होगी। यदि भाजपा चुनाव जीतती है तो उपचुनाव होगा और भाजपा हारती है तो कुछ नहीं होगा। उनका कहना है कि चुनाव प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

कुंवर सर्वेश सिंह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। नामांकन करने के बाद उनकी तबियत बिगड़ गई। इसी वजह से वह चुनाव प्रचार में भाग नहीं ले सके। पूर्व सांसद के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने मेडिकल चेकअप कराने के लिए दिल्ली स्थित एम्स गए थे। वहां शाम में उनकी मौत हो गई। प्रदेश अध्यक्ष रविवार को उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लखनऊ से आएंगे।

बता दें कि भाजपा के कुंवर सर्वेश कुमार सिंह ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से वर्ष 1991, 1993, 1996, 2002 और 2012 में (पांच बार) विधायक बने थे। वह वर्ष 2014 में सांसद रह चुके थे। 2019 में उन्हें सपा के एसटी हसन ने हरा दिया था। उनके बेटे शुशांत सिंह बिजनौर जिले की बड़ापुर विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं।

Tags:    

Similar News