गिरिराज सिंह के बड़े बोल! कहा- देश में राहुल गांधी, अखिलेश यादव एवं तेजस्वी यादव की सरकार बनती है तो यह लोग भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश बना देंगे

Update: 2024-08-31 10:20 GMT

पटना। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता गिरिराज सिंह ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव ओर राहुल गांधी मुस्लिम वोट बैंक के ठेकेदार हैं। इनकी सरकार आई तो बिहार और उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को छुट्टी का दिन घोषित कर देंगे। अगर देश में इनकी सरकार बनती है तो यह लोग भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश बना देंगे। यही काम ये लोग करना चाहते हैं।

गिरिराज सिंह ने हिंदुओं का पक्ष रखते हुए कहा कि किसी हिंदू ने तो कभी यह नहीं कहा कि मंगलवार को हनुमान जी की सोमवार को महादेव या अन्य दिनों अन्य देवी देवताओं की पूजा होती है तो उन्हें छुट्टी दिया जाए लेकिन वोट बैंक की राजनीति करने वाले तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और अखिलेश यादव जैसे लोग मुसलमान का संरक्षण ही नहीं करते बल्कि उनकी कहीं बातों पर अमल भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में एक देश और एक कानून ही चलेगा। साथ ही उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा और असम विधानसभा का धन्यवाद करते हुए कहा कि असम सरकार द्वारा एक देश एक कानून पर अमल किया जा रहा है और इसलिए वह धन्यवाद के पात्र हैं।

बता दें कि असम विधानसभा के चल रहे सत्र के समापन दिवस पर शुक्रवार को नमाज के लिए दो घंटे की छुट्टी के ब्रिटिशकालीन नियम को समाप्त कर दिया गया है। इसे लेकर पक्ष-विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है।

Tags:    

Similar News