भंडारा पुलिस ने गांजा तस्करों को दबोचने में पाई बड़ी सफलता, 25 लाख से अधिक कीमत की गांजा जब्त, दो धरे, 4 पर FIR

Update: 2024-09-07 11:25 GMT

भंडारा। भंडारा पुलिस ने 25 लाख से अधिक कीमत की 167 किलोग्राम गांजा जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह गांजा ओडिशा से एक गाड़ी में छिपाकर नासिक ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बीटीबी बाजार इलाके में यह धर पकड़ की हैं। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि 4 आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पुणे जिले के खेड़ तहसील के आलंदी देवाची निवासी सुमित सुभाष थोरवे, गंगापुर रोड नासिक निवासी रवीन्द्र कृष्ण शिंदे, अडगांव परिसर नासिक निवासी तुषार भोसले और नासिक निवासी सूरज भोसले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

बीटीबी बाजार इलाके में तस्करों को धरा

भंडारा पुलिस ने बताया कि महिंद्रा कंपनी की गाड़ी से ओडिशा से भंडारा होते हुए नासिक की ओर गांजा ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक गोकुल सूर्यवंशी ने एक टीम बना कर नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस गाड़ी की तलाशी शुरू की। इस बीच शहर के बीटीबी बाजार इलाके में गाड़ी संख्या एमएच 15 ईपी 4372 को धरा गया। इस गाड़ी में आरोपी सुमित सुभाष थोरवे और रवींद्र कृष्ण शिंदे सवार थे। पुलिस ने बताया कि तस्करों ने गाड़ी के पीछे 7 प्लास्टिक बोरी में गांजा रखा था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह तुषार भोसले और सूरज के कहने पर गांजा ओडिशा से नासिक ले जा रहा था। पुलिस ने 25 लाख 6 हजार 500 रुपए का गांजा और कुल 45 लाख 6 हजार 500 रुपए का वाहन जब्त किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ओडिशा से भेजी जाती है गांजे की खेप

बता दें कि ओडिशा से बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी होती है। यहां से गांजा की तस्करी देश के कई हिस्सों में की जाती है। इससे पहले भी भंडारा में गांजा पकड़ा जा चुका है। रेल और निजी वाहन दोनों से गांजा की तस्करी होती है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन में भंडारा शहर पुलिस निरीक्षक गोकुल सूर्यवंशी, पुलिस उपनिरीक्षक दीपक चालुरकर, हनुमंत फरताडे, पुलिस कांस्टेबल कृष्णा बोरकर, बलराम वरखड़े, विजय डोयले, अजय कुकड़े सुनील राठौड़, नरेंद्र झलके, कोमल ईश्वरकर, राजेश पांडे, महेश रघुवंशी की ओर से की गई।

Tags:    

Similar News