आतिशी ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी में बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए साजिश रचने का लगाया आरोप! कहा- केजरीवाल को दोबारा बनाए सीएम वरना दिल्ली में भी यूपी जैसी स्थिति

Update: 2024-09-20 07:50 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर राष्ट्रीय राजधानी में बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बिजली का मॉडल है- 'लंबे बिजली कट और महंगी बिजली', इसीलिए दिल्ली की जनता के लिए बहुत जरूरी है कि वो अरविंद केजरीवाल को दोबारा चुनकर दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाए। साथ ही वह वादा की है कि वह चार महीने तक दिल्ली की मुख्यमंत्री है तब तक वह बिजली की बिल बढ़ने नहीं देगी।

आतिशी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 1 किलोवाट कनेक्शन के दाम 250% और 5 किलोवाट कनेक्शन के दाम 118% बढ़ा दिए हैं। ये वही उत्तर प्रदेश सरकार है जिसने गर्मियों में 8 घंटे बिजली कटौती की थी। भाजपा का बिजली का मॉडल है- 'लंबे बिजली कट और महंगी बिजली', इसीलिए दिल्ली की जनता के लिए बहुत जरूरी है कि वो अरविंद केजरीवाल को दोबारा चुनकर दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाए, वरना जो स्थिति आज हम उत्तर प्रदेश में देख रहे हैं, वही स्थिति दिल्ली में भी होगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि मैं आज दिल्ली वालों से कहना चाहती हूं कि जब फरवरी में चुनाव होंगे तब आम आदमी पार्टी की सरकार बनाकर अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाएं तभी दिल्ली में 24 घंटे बिजली और सबसे सस्ती बिजली आएगी। आने वाले चार महीने में जब तक मेरे पास मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है, मैं दिल्ली की जनता की सुरक्षा करने की पूरी कोशिश करूंगी।

Similar News