अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा मुख्यालय तक किया मार्च, बताया क्या है बीजेपी का प्लान

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-05-19 08:29 GMT


नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा मुख्यालय तक मार्च किया। इसके बाद वहां से वापस लौट आए। भाजपा मुख्यालय पर पुलिस की भारी व्यवस्था थी। बता दें कि कल ही अपने पीए विभव कुमार की गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल ने आज मुख्यालय तक मार्च करने की घोषणा की थी। उनका कहना था कि भाजपा आप के सभी नेताओं को जेल भेजना चाहती है इसलिए हम सभी इकट्ठे मुख्यालय तक जाएंगे और उनसे कहेंगे कि हम सबको जेल भेज दो।

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने का प्लान बनाया है। प्रधानमंत्री का कहना है कि आप बहुत तेजी से बढ़ रही है, यह प्रधानमंत्री के शब्द हैं जो मुझे उन लोगों ने बताया जो उनसे मिले हैं। प्रधानमंत्री मोदी का कहना है कि आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर और कई राज्यों में आप भाजपा को चुनौती दे सकती है इसलिए इसके पहले कि आप चुनौती बने आप को पहले ही कुचल देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को लगता है कि वे इस तरह से आप को खत्म कर देंगे, आप का विनाश कर देंगे। मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि ये आप चंद लोगों की पार्टी नहीं है। ये आप 140 करोड़ लोगों के सपनों की पार्टी है। जिस तरह के काम हमने दिल्ली और पंजाब में किए हैं, 75 सालों में इस देश के लोगों ने कभी नहीं देखे। दिल्ली और पंजाब में हमने सरकारी स्कूल ठीक करने शुरू कर दिए, गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी। ये पीएम मोदी नहीं कर पा रहे तो उन्होंने तय किया कि इन्हें रोको और गिरफ्तार कर लो। अब हम महिलाओं को हजार-हजार रुपये देने जा रहे हैं। आप एक विचार है। इसके नेताओं को तो गिरफ्तार कर लोगे, इसके विचार को कैसे गिरफ्तार करोगे? उन्होंने कहा कि पिछले 2 साल से भाजपा ने हमारे नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। इन्होंने मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया, कल मेरे पीए तक को गिरफ्तार कर लिया।  

Tags:    

Similar News