अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- 'ये लोग सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले ही कर सकते हैं'

Update: 2024-04-11 12:11 GMT

कटनी, मध्य प्रदेश। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जमकर निशाना साधा है। अमित शाह ने मध्य प्रदेश के कटनी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 70 साल तक जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आधार पर राज किया। मोदी ने देश से जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को समाप्त करने का काम किया। मोदी के लिए सिर्फ चार जातियां हैं- गरीब, युवा, किसान और महिला है। इनका सशक्तिकरण ही मोदी सरकार का मकसद है।

अमित शाह ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवादी गठबंधन का उद्देश्य है- अपने बेटे, बेटी, भतीजे को सत्ता दिलाना। शरद पवार का उद्देश्य है- अपनी बेटी को मुख्यमंत्री बनाना, उद्धव ठाकरे का उद्देश्य है- अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना, स्टालिन का उद्देश्य है- अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना, बंगाल में ममता का उद्देश्य है- अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना और सोनिया गांधी का उद्देश्य है- राहुल बाबा को प्रधानमंत्री बनाना।

उन्होंने आगे कहा कि ये परिवारवादी पार्टियां कभी गरीब, दलित, किसान, युवा, आदिवासी, पिछड़े समाज और महिलाओं का भला नहीं कर सकती। गरीब, दलित, किसान, युवा, आदिवासी, महिलाओं और पिछड़े समाज का अगर कोई भला कर सकता है तो वो मोदी सरकार है। इंडी गठबंधन गरीबों का भला नहीं कर सकती। ये लोग सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले ही कर सकते हैं। इनका इतिहास भ्रष्टाचार और घोटाले का ही है।

गृहमंत्री ने कहा कि मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर राज्य को भारत का अभिन्न अंग बनाया। मोदी ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जबकि कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण को अटकाए रखा, भटकाए रखा, लटकाए रखा। कांग्रेस को तुष्टिकरण की राजनीति के अलावा कुछ नहीं सूझता। इन्होंने अनुच्छेद 370 का विरोध किया, राम मंदिर का विरोध किया, सीएए का विरोध किया।

Tags:    

Similar News