विपक्ष के भारी शोरशराबा के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने दी चेतावनी! कहा- देश विरोधियों को उनकी साजिश का जवाब उन्‍हीं की भाषा में मिलेगा

Update: 2024-07-02 13:51 GMT

नई दिल्ली। संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के भारी शोरशराबा के बीच जवाब दिया। पीएम मोदी ने कहा कि कई लोगों को भारत की तरक्‍की से द‍िक्‍कत है। भारत के लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। देश की प्रगत‍ि पर संदेह करने का कुचक्र रचा जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट भी व‍िपक्ष को लेकर चिंतित है। पीएम मोदी ने कहा कि एक खास तरह के इकोसिस्‍टम ने देश को 70 साल तक लूटा है। मैं इस इकोसिस्‍टम को चेतावनी देना चाहता हूं। ये चाहते हैं क‍ि देश के विकास को रोक देंगे। मैं बता देना चाहता हूं। उनकी हर साज‍िश का जवाब उन्‍हीं की भाषा में मिलेगा। उनकी कोश‍िशों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

नीट पेपर लीक की कार्रवाई सही करेंगे

नीट और अन्‍य परीक्षाओं में पेपरलीक पर पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक गंभीर मामला है। सरकार इसमें लगातार कार्रवाई कर रही है। हम इसे ठीक करके रहेंगे।

सेना में भर्ती पर कांग्रेस झूठ फैला रही

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा क‍ि हमारी सेना पर सवाल उठाया गया। यह देश के ल‍िए गंभीर बात है। उनका मनोबल ग‍िराने की कोश‍िश हो रही है। देश इसे देख रहा है। हम सेना को हर पल युद्ध के ल‍िए तैयार बनाने की तैयारी कर रहे हैं। रिफार्म कर रहे हैं लेकिन कौन नहीं जानता है क‍ि नेहरू जी के समय देश की सेना क‍ितनी कमजोर होती थी। कांग्रेस ने जो लाखों करोड़ के घोटाले हुए वही वजह है क‍ि देश की सेना कमजोर हो गई। सेना में भर्ती की योजना अग्न‍िवीर पर विपक्ष के नेताओं ने सवाल उठाया था। सेना में भर्ती पर कांग्रेस झूठ फैला रही है। युवा को सेना से दूर रखने का षडयंत्र हो रहा है। वन रैंक वन पेंशन पर झूठ फैलाया गया।

राहुल के ह‍िन्‍दू हिंसक वाले बयान को देश भूलने वाला नहीं

पीएम मोदी ने राहुल के ह‍िन्‍दू हिंसक वाले बवाल पर कहा कि ह‍िन्‍दू सहनशील होते हैं। उन पर झूठा आरोप लगाने की साजिश हो रही है। देश ये भूलने वाला नहीं है। देश शक्‍ति‍ की पूजा करता है। आप उस शक्‍त‍ि के विनाश की बात करते हो। इनके साथी ह‍िन्‍दू धर्म की तुलना अजब-गजब शब्‍दों से करते हैं और ये लोग ताल‍ियां बजाते हैं। देश ये माफ नहीं करेगा। ये सोची समझी रणनीत‍ि के तहत ह‍िन्‍दू परंपरा को बदनाम क‍िया जा रहा है। उनका अपमान करने को फैशन बना दिया है।

नेहरू की कैबिनेट से अंबेडकर ने इस्‍तीफा दिया था

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की दल‍ित विरोधी मानस‍िकता के कारण नेहरू की कैबिनेट से अंबेडकर ने इस्‍तीफा दिया था। उन्‍होंने बताया था क‍ि कैसे नेहरू ने दल‍ितों के साथ अन्‍याय क‍िया था। अंबेडकर ने कहा था मैं सरकार द्वारा अनुसूच‍ित जात‍ि की उपेक्षा पर खुद को रोक नहीं सका। इस वजह से मुझे फैसला लेना पड़ा। इसके बाद नेहरू ने बाबा साहब का राजनीत‍िक जीवन खत्‍म करने के ल‍िए पूरी ताकत लगा दी। बाबा साहब अंबेडकर को चुनाव में हरवाया गया। उनकी हार का जश्न मनाया। बाबू जगजीवन राम के साथ भी यही हुआ लेकिन इंदिरा गांधी ने ठान ल‍िया क‍ि क‍िसी भी कीमत पर जगजीवन राम प्रधानमंत्री नहीं बनने चाह‍िए। एक क‍िताब में इसका जिक्र है। कांग्रेस ने चौधरी चरण सिंह के साथ भी यही व्‍यवहार किया।

राहुल गांधी का बयान बहुत गंभीर विषय है

पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर न‍िशाना साधते हुए कहा कि कल जो संसद में हुआ उसे हम सिर्फ बालक बुद्ध‍ि कहकर नजरंदाज नहीं कर सकते। यह बहुत गंभीर विषय है। यह देश की सुरक्षा का मसला है। इन बयानों के पीछे एक सोची समझी साज‍िश है। सोची समझी रणनीत‍ि है।

कांग्रेस ने मह‍िलाओं-बहनों को हर महीने 8500 रुपये देने का झूठ फैलाया

पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की घोषणाओं पर हमला करते हुए कहा क‍ि इस चुनाव में कांग्रेस ने गुमराह क‍िया। मह‍िलाओं-बहनों को हर महीने 8500 रुपये देने का झूठ फैलाया। इससे मह‍िलाओं-बहनों को जो चोट लगी है वह कांग्रेस को तबाह करने वाली है। ईवीएम को लेकर झूठ, संविधान को लेकर झूठ, आरक्षण को लेकर झूठ, एलआईसी को लेकर झूठ, बैंकों को लेकर झूठ और कर्मचार‍ियों को भड़काने के प्रयास हुए।

बालक बुद्ध‍ि में बोलने का ठिकाना नहीं होता

पीएम मोदी ने कहा कि कल देश ने सदन में बचकाना हरकत देखी। देश जानता है क‍ि ये लोग करोड़ों के घोटाले में जमानत पर बाहर हैं। ओबीसी को गाली देने पर सजा पा चुके हैं। इन पर महान स्‍वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर का अपमान करने का मुकदमा है। इन पर देश की सबसे बड़ी पार्टी को हत्‍यारा कहने का मुकदमा चल रहा है। इन पर अध‍िकार‍ियों और संस्थानों के ख‍िलाफ झूठ बोलने के आरोप हैं। बालक बुद्ध‍ि में न बोलने का ठ‍िकाना होता है और न ही बालक बुद्ध‍ि में व्‍यवहार का कोई ठ‍िकाना होता है। जब यह बालक बुद्ध‍ि क‍िसी पर सवार हो जाती है तो सदन में भी गले पड़ जाते हैं। सदन में आंखें मारते हैं।

आर्थिक अराजकता फैलाने की सोची समझी कोश‍िश

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस अराजकता फैलाने में जुटी हुई है। ये पश्च‍िम में जाकर महापुरुषों के ख‍िलाफ बोलते हैं। जिन नेताओं ने देश को बांटने की वकालत करते हैं उनको टिकट देने का पाप क‍िया। देश के ख‍िलाफ उठने वाली आवाजों को कांग्रेस के लोग बढ़ावा दे रहे हैं। कांग्रेस आर्थिक अराजकता फैलाने की सोची समझी कोश‍िश कर रही है।

कांग्रेस पूरी तरह परजीवी बन चुकी है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस 2024 से परजीवी कांग्रेस बन गई है। परजीवी का मतलब है क‍ि वह जिसके साथ रहता है वह उसी को खा लेता है। मैं जब परजीवी कांग्रेस कहता हूं तो आंकड़ों के साथ कहता हूं। जहां जहां भाजपा और कांग्रेस का सीधा मुकाबला था वहां कांग्रेस का स्‍ट्राइक रेट सिर्फ 26 फीसदी है लेकिन जहां क‍िसी का पल्‍लू पकड़कर चलते थे जहां जूनियर पार्टनर थे। ऐसे राज्‍यों में कांग्रेस स्‍ट्राइक रेट 50 फीसदी है। कांग्रेस की 99 सीटों में ज्‍यादातर सीटें उनके सहयोग‍ियों ने ज‍िताया है। 16 राज्‍यों में जहां कांग्रेस अकेले लड़ी वहां उसका वोट शेयर इस चुनाव में ग‍िर चुका है। गुजरात, छत्‍तीसगढ़ और मध्‍य प्रदेश जहां अपने दम पर लड़ी वहां सिर्फ 2 सीट जीत पाई है। इसका साफ मतलब है क‍ि इस चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह परजीवी बन चुकी है और सहयोगी दलों के कंधे पर चढ़कर सीटों का आंकड़ा बढ़ाया।

हाथरस की घटना से बेहद दुखी हूं

भाषण के बीच प्रधानमंत्री को हाथरस घटना की जानकारी दी गई। इस पर उन्‍होंने कहा कि मैं हाथरस की घटना से बेहद दुखी हूं। घायलों के जल्‍द ठीक होने की कामना करता हूं। घायलों को हर तरह की मदद दी जाएगी। राज्‍य सरकार इस काम में लगी हुई है।

Tags:    

Similar News