सीएम पद की शपथ लेने के बाद आतिशी ने कहा- केजरीवाल को फिर से दिल्ली सीएम बनाने का है लक्ष्य, भाजपा का कोई भी षड्यंत्र सफल नहीं होने देंगे

Update: 2024-09-21 13:16 GMT

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद 43 वर्षीया आतिशी ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों की जिंदगी बदल दी है। मगर भाजपा वालों को यह पसंद नही आया इसलिए उन लोगों ने केजरीवाल को जेल में डाल दिया।

आतिशी ने कहा कि सबसे पहले मैं अरविंद केजरीवाल का शुक्रिया अदा करना चाहूंगी कि उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझे दिल्ली के लोगों की सेवा करने की इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी। मैंने दिल्ली के सीएम के तौर पर शपथ ले ली है मगर यह हमारे लिए बहुत भावुक क्षण है क्योंकि अरविंद केजरीवाल अब सीएम नहीं हैं। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने पिछले 10 सालों में दिल्ली की छवि बदल दी है। दिल्ली के लोगों को मुफ्त बिजली दी, दिल्ली के बच्चों को अच्छी शिक्षा दी, अच्छा इलाज दिया। आज जब वो मुख्यमंत्री नहीं हैं तो हम सबके लिए ये भावुक पल है। आज वह मुख्यमंत्री इसलिए नहीं हैं क्योंकि भाजपा ने उनके खिलाफ झूठे केस दर्ज किए लेकिन वो टूटे नहीं इसलिए अरविंद केजरीवाल ने इस देश की राजनीति में ईमानदारी और नैतिकता की मिसाल कायम करते हुए इस्तीफा दिया।

उन्होंने कहा कि अब हम सभी दिल्लीवासियों को मिलकर फरवरी में होने वाले चुनाव में अरविंद केजरीवाल को फिर से दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाना है। मैं आपको आश्वासन दे रही हूं कि अब अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आ गए हैं तो अब दिल्ली में सीवर ठीक होंगे, पानी की समस्याएं ठीक होंगी, सड़कें ठीक होंगी। साथ ही अब भाजपा का कोई भी षड्यंत्र हम सफल नहीं होने देंगे।

Tags:    

Similar News