राहुल गांधी ने कैब के बाद अब डीटीसी बस में की यात्रा, ड्राइवर-कंडक्टर और मार्शल का जाना हाल

Update: 2024-08-29 06:49 GMT

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस में यात्रा की। इस दौरान उन्होंने बस चालकों, कंडक्टरों और मार्शलों से मुलाकात की और बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जाना। उन्होंने दक्षिणी दिल्ली के सरोजिनी नगर बस डिपो के निकट बस चालकों और मार्शलों से बातचीत की। राहुल गांधी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने व्हाट्सऐप चैनल पर साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में ड्राइवर और कंडक्टर भाइयों और बस मार्शलों के साथ मुलाकात और चर्चा हुई। फिर डीटीसी बस में एक मजेदार यात्रा। अपनों के साथ, उनके मुद्दों पे बात।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल गांधी की इस बस यात्रा की तस्वीरें एक्स पर साझा करते हुए कहा कि जनता की सेवा में हजारों बसों वाला परिवहन निगम चलाने वाले ड्राइवर, कंडक्टर व मार्शल का घर कैसे चलता है? महंगाई, बच्चों की बढ़ती फीस, वेतन व पेंशन की टेंशन के बीच उनका जीवन कैसे चलता है? देश में करोड़ों ऐसी आवाजें हैं, जो भयावह आर्थिक असुरक्षा में जीने को मजबूर हैं। उनके मन की बात सुनना जरूरी है। राहुल गांधी जी लगातार उन्हें सुन रहे हैं और उनके लिए न्याय की आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने डीटीसी की बस में यात्रा की और ड्राइवर, कंडक्टर व मार्शल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं साझा कीं।

बता दें कि राहुल गांधी ने इसी महीने कैब में यात्रा की थी और उसके ड्राइवर से काम के बारे में चर्चा की। इसके बाद उन्होंने उस कैब ड्राइवर के परिवार वालों से भी मुलाकात की थी। उन्होंने इस सफर का पूरा वीडियो अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया था।

Tags:    

Similar News