जम्मू में जीत हरियाणा में हार पर चिंतन-मंथन के बाद पक्ष विपक्ष के नेताओं ने दी प्रतिक्रिया! जानें किसने क्या कहा

Update: 2024-10-09 07:24 GMT

नई दिल्ली। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को आ चुके हैं। हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की। तो वहीं जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। इन सबके बीच सभी नेता विधानसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

हरियाणा में गठबंधन ना होने के कारण कांग्रेस को पड़ा भारी

शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि INDIA गठबंधन ने जम्मू और कश्मीर में अच्छा काम किया है और सरकार बनने वाली है। मगर हरियाणा में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। जैसे जम्मू और कश्मीर में गठबंधन हुआ वैसे हरियाणा में गठबंधन बन नहीं पाया था और उन्हें हार का सामना करना पड़ रहा है। चुनाव से पहले कांग्रेस में इतने लोग शामिल हो रहे थे वहीं भाजपा पर सवाल भी उठाए जा रहे थे। सबने उस समय भाजपा को खारिज कर दिया था लेकिन फिर भी वो जीतकर आई, ये उनके लिए बधाई का विषय है।

वहीं AAP नेता प्रियंका कक्कड़ ने भी हरियाणा चुनाव परिणाम में कांग्रेस का गठबंधन ना होने का कारण बताया है। उन्होंने कहा कि अगर हरियाणा में गठबंधन हो जाता तो नतीजे कुछ और ही होते। गठबंधन का सबसे ज्यादा फायदा कांग्रेस को ही होता। हमने बहुत प्रयास किया था कि हरियाणा में गठबंधन हो जाए लेकिन अति-आत्मविश्वास से भरी कांग्रेस को ये ठीक नहीं लगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस को उचित नहीं लगा कि ऐसे गठबंधन सहयोगी दलों को वे साथ लेकर चलें।

भाजपा ने जो चुनाव लड़ा वो बहुत ही बेहतरीन तरीके से लड़ा

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि दोनों राज्यों का अपना-अपना महत्व है लेकिन भाजपा के लिए जम्मू-कश्मीर का महत्व सबसे ज्यादा रहा। जहां से उन्होंने धारा 370 हटाई वहां वे हार गए। हरियाणा में INDIA गठबंधन नहीं बन पाया क्योंकि कांग्रेस को लगता था कि वे अपनी ताकत पर जीत जाएंगे तो सत्ता में कोई और भागीदार नहीं चाहिए। कांग्रेस के जो नेता है हुड्डा उन्हें लगा की वे ही जीतेंगे। मैं मानता हूं कि भाजपा ने जो चुनाव लड़ा है वो बहुत ही बेहतरीन तरीके से लड़ा है। हारी हुई बाजी भाजपा ने जीत ली है ये मानना पड़ेगा और कांग्रेस तो जीत रही थी। देश में कोई ऐसा नहीं कह रहा था कि भाजपा आ रही है लेकिन भाजपा आ गई। भाजपा को मानना पड़ेगा।

किसान, आरक्षण और संविधान ने भाजपा को दिलाई जीत

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि ये परिणाम उन कई सवालों के जवाब बनकर आए हैं जो विपक्ष लगातार भाजपा पर प्रश्न उठाता रहा है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी कार्यशैली को बधाई देता हूं। आज उन्हीं की वजह से हरियाणा के लोगों ने वो परिणाम भाजपा के पक्ष में देने का काम किया जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। मैं मानता हूं कि हरियाणा की ये जीत किसानों, नौजवानों, जवानों और संविधान की जीत है। जो लोग बार-बार संविधान, आरक्षण को लेकर आरोप लगाते थे, अनुसूचित जाति को लेकर भ्रम फैलाते थे, उन्हें एक परिणाम में करारा जवाब मिल गया है।

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जब कल तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी है और वो भी प्रचंड बहुमत के साथ तो एक बात स्पष्ट है कि जो लोग एक पार्टी के विरोध में, देश के विरोध में झूठ परोसने का काम कर रहे थे आज उस सारे झूठे दृष्टिकोण को ध्वस्त करने का काम हरियाणा के लोगों द्वारा किया गया है। जिस प्रकार से एक वोट बैंक को एक करने के लिए हिंदू आस्था पर चोट करने वाली बातें कांग्रेस पार्टी ने की उसे भी एक करारा जवाब मिला है। कांग्रेस पार्टी केवल भाजपा को हराने के लिए देश के खिलाफ जो ताकतें काम करती हैं उनके समर्थन में भी उतरने के लिए तैयार है। कांग्रेस का हाथ केवल एक चुनाव जीतने के लिए देशविरोधी ताकतों के साथ हो जाता है।

Tags:    

Similar News